विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आइआइटी कानपुर के 67वें स्थापना दिवस पर पूर्व छात्रों और विशिष्ट हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित

Published: Sun, 01 Nov 2026 10:38 PM (IST)Updated: Sun, 01 Nov 2026 10:39 PM (IST)

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर अपना 67वां स्थापना दिवस मना रहा है।

फोटो क्रेडिट- कानपुर आइआइटी आधिकारिक वेबसाइट

फोटो क्रेडिट- कानपुर आइआइटी आधिकारिक वेबसाइट

HighLights

  1. आइआइटी कानपुर का 67वां स्थापना दिवस समारोह।

  2. प्रो. एचसी वर्मा सहित 15 पूर्व छात्रों को सम्मान।

  3. युवा पूर्व छात्रों और प्रतिष्ठित हस्तियों को भी अवार्ड।

जागरण संवाददाता, कानपुर। : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) कानपुर का 67वां स्थापना दिवस सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। समारोह में संस्थान के प्रो. एचसी वर्मा समेत 15 पूर्व छात्रों को डिस्टिंग्विश्ड एल्युमनी अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, चार युवा पूर्व छात्रों को यंग एल्युमिनाई अवार्ड और दो प्रतिष्ठित हस्तियों को इंस्टीट्यूट फेलो अवार्ड 2025 दिया जाएगा।

समारोह की शुरुआत से पहले निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल संस्थान की नवीन गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके बाद विभिन्न श्रेणियों में चयनित पूर्व छात्रों और विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। आइआइटी कानपुर के पूर्व निदेशक प्रो. इंद्रनील मन्ना और प्रो. वी चंद्रशेखर को इंस्टीट्यूट फेलो अवार्ड दिया जाएगा।

डिस्टिंग्विश्ड एल्युमनी अवार्ड के लिए चयनित पूर्व छात्रों में प्रो. प्रकाश (एमएसी फिजिक्स, 1975), प्रो. उपमानु लाल (बीटेक-सीई, 1976), प्रो. रविंद्र कुमार आहूजा (पीएचडी, 1982), प्रो. हरीश चंद्र वर्मा (एमएससी, 1978 और पीएचडी, 1981), प्रो. पी. विजय कुमार (1979), डा. दीपेंद्र प्रसाद (1980), डा. जे. रामाचंद्र राव (1984), रवि अग्रवाल (1986-88), लोकवीर कपूर (1987), डा. तुषार दीपक चंद्रा (1988), डा. विग्यान सिंघल (1989), प्रो. संजय ई. शर्मा (1990), डा. सतीश चंद्रा (1991), रजत वर्मा (1998) और अभिषेक विनोद सिंह (2002) शामिल हैं। इसके अलावा सत्येंद्र के. दुबे मेमोरियल अवार्ड-2026 स्व. प्रो. गुरुदास अग्रवाल और बबलू कुमार (बीटेक/एमटेक, 2004/2008) को दिया जाएगा।

40 वर्ष से कम आयु के चार युवा पूर्व छात्रों को सम्मान

यंग एल्युमिनाई अवार्ड के लिए 40 वर्ष से कम आयु के चार ऐसे पूर्व छात्रों का चयन किया गया है, जिन्होंने अपने काम और नवाचार से अलग पहचान बनाई है। इनमें 2008 बैच के अनिन्दया डे, वायु रोबोटिक्स के सह-संस्थापक डा. नितिश श्रीवास्तव (बीटेक, 2011), डीकोड लैब के निदेशक प्रो. फैज अहमद (डुअल डिग्री, 2012) और नोका रोबोटिक्स के सह-संस्थापक निखिल कुरेले (बीटेक, 2016) शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।