वृक्ष, गो और तुलसी को नमन कर शुरू हुआ पांच दिवसीय आध्यात्मिक मेला, जुटेंगे संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी
कानपुर में पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का शुभारंभ हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने वृक्ष, गो और तुलसी वंदन किया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

HighLights
मेला पंडाल में छात्र-छात्राओं ने वृक्ष, गो, तुलसी वंदन किया।
सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल सेवा प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे।
संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मेले का उद्घाटन करेंगे।
जागरण संवाददाता, कानपुर। पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का गुरुवार सुबह औपचारिक रूप से शुरू हो गया। सुबह मेला पंडाल में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने वृक्ष, गो और तुलसी वंदन किया। मेले में प्रदर्शनी का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल करेंगे,वहीं शुक्रवार को मेले का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले करने के लिए आएंगे।
मेले के प्रचार-प्रसार प्रमुख राहुल मिश्र ने बताया कि गुरुवार सुबह वृक्ष, गो एवं तुलसी वंदन का आयोजन हुआ। इसमें गोपाल आर्य और अमित नारायण त्रिवेदी शामिल हुए। दोपहर 12:30 बजे विशिष्टजन संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम चार बजे सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल सेवा प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इसी क्रम में गंगा अवतरणम् आरती का आयोजन भी होगा। देर शाम कवयित्री अनामिका जैन अंबर का काव्य पाठ करेंगी।