सीने में दर्द बाईं बांह और जबड़े तक पहुंचे तो हो जाएं अलर्ट, हृदय रोग संस्थान के निदेशक ने बताए हार्ट अटैक के संकेत और बचाव
बदलते मौसम में हृदय रोगों का खतरा बढ़ रहा है, जिसमें अनियंत्रित बीपी, शुगर और कोलेस्ट्रॉल मुख्य कारण हैं। प्रो. ...और पढ़ें

दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर में पाठकों के सवालों का जवाब देते हृदय रोग संस्थान के निदेशक प्रो. राकेश वर्मा । जागरण
HighLights
सीने का दर्द बांह, गर्दन, जबड़े तक फैलना हार्ट अटैक का संकेत।
बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली हृदय रोगों से बचाए।
हार्ट अटैक के लिए चार घंटे का गोल्डन आवर महत्वपूर्ण, तुरंत विशेषज्ञ को दिखाएं।
जागरण संवाददाता, कानपुर। बदलते हुए मौसम में सबसे ज्यादा हृदय की बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। अनियंत्रित बीपी, शुगर व बैड कोलेस्ट्राल के मरीजों से ओपीडी व इमरजेंसी भरी हुई है। हृदय रोगी हार्ट अटैक साथ एंजाइना पेन, चलने में हांफी, दिल की धड़कन तेज होने की समस्या के साथ भर्ती हो रहे हैं।
सीने में दर्द का बांह (खासकर बाई बांह), गर्दन, जबड़े या पीठ तक फैलना हृदय रोग यानी हार्ट अटैक (दिल के दौरे) का आपातकालीन चेतावनी संकेत होता है। इसे अनदेखा करना जानलेवा हो सकता है। हृदय रोग के खतरे को बीपी व शुगर को नियंत्रित कर गंभीरता से बचा जा सकता है।
लाइफ स्टाइल में सुधार, खान-पान बेहतर, योग व प्राणायाम करके दिल को तंदरुस्त रखा जा सकता है। यह बातें दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर में हृदय रोग संस्थान के निदेशक प्रो. राकेश वर्मा ने पाठकों के सवालों का उत्तर देते हुए कही। पेश है बातचीत के मुख्य अंश...
- हृदय रोग की पहचान के लिए क्या करें। बचाव के लिए क्या करें। हृदय रोग में गोल्डन आवर क्या रहता है? - अश्वनी कुमार पांडेय, नौबस्ता।
- बीपी, शुगर, कोलेस्ट्राल को नियंत्रित करें। खान-पान बेहतर करें, अधिक तेल व मसालेदार खाने से बचें। योग व प्राणायाम करके आप दिल की बीमारियों से बच सकते हैं। लाइफ स्टाइल में बदलाव करके आप हृदय रोग की गंभीरता से बचे रह सकते हैं। अगर किसी को सीने के बीच वाले भाग में दर्द हो रहा है और वो दर्द, पीठ, जबड़े, कान व गर्दन में जा रहा है। तो यह हार्ट अटैक का लक्षण है। कुछ समय के बाद दर्द हाथ में भी जा सकता है। इस दर्द के साथ पसीना आना और असहनीय दर्द होता है। इस स्थिति में नजदीकी हृदय रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए। चार घंटे के गोल्डन आवर में दिल की बीमारियों का इलाज किया जा सकता है।
- डायबिटिक हूं, हार्ट की बीमारी भी रहती है। अब चलने पर जबड़े में दर्द की समस्या हो रही है? - वेद प्रकाश गुप्ता, बारासिरोही। दिनेश मिश्रा, आजाद नगर। गंगा प्रसाद गुप्ता, लखनऊ फाटक
- नसों में ब्लाकेज के कारण ऐसा हो सकता है। एक बार आप हृदय रोग संस्थान में दिखा लें। अगर सीढ़ियों के चढ़ने पर सीटी बज रही है तो आपके हृदय के साथ चेस्ट में भी दिक्कत है। इको, ईसीजी जांच के बाद आपके हृदय की धड़कन को देखा जा सकता है। अगर धड़कन अनियंत्रित है तो उसके लिए दवा व लाइफ स्टाइल मैनेजमेंट करके बीमारियों से बचा जा सकता है। ध्यान, खान-पान में सुधार कर हृदय की बीमारियों से बचा जा सकता है।
- शुगर व बीपी की मरीज हूं, छह माह से बीपी व शुगर के स्तर में उचार-चढ़ाव हो रहा है। क्या करें? - शशि कपूर, लखनऊ। शैलेंद्र बाजपेई।
- 65 साल की उम्र में 120 से 140 तक भी है तो आप स्वस्थ हैं। इससे परेशान न हो। दिनचर्या को सुधारें और नियमित व्यायाम करें। अधिक मीठा खाने से बचें। मौसम में बदलाव होने पर बीपी व शुगर की जांच कराकर अपने विशेषज्ञ से दवा की डोज संशोधित कराएं। अक्सर लोग लंबे समय से बीपी व शुगर के इलाज में दवा की डोज नहीं बदलवाते हैं। यह नुकसानदायक हो सकता है। लंबे समय तक बीपी व शुगर की दवा खाने से बीमारी के स्तर में सुधार होता है। इसलिए समय-समय पर दवा की डोज को संशोधित कराएं।
- एसी कल्चर के कारण बीपी व शुगर के मरीजों पर असर पड़ रहा है क्या? - डा. पुनीत मिश्रा, लखनपुर।
- जी हां, लंबे समय तक एसी कल्चर में रहने से बीपी व शुगर पर असर पड़ता है। इससे नसों को नुकसान हो सकता है। लंबे समय तक रहने से नसों को नुकसान होने के साथ प्रतिरोधक क्षमता पर भी असर पड़ता है। जब आप बहुत ठंडे एसी वाले कमरे से अचानक तेज धूप या गर्मी में जाते हैं तो शरीर की नसें सिकुड़ती और फैलती हैं। इससे ब्लड फ्लो और ब्लड प्रेशर में अचानक उतार-चढ़ाव होता है, जिससे बीपी के मरीजों में दिल की समस्या या स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।
- बीपी हमेशा बढ़ा रहता है, घबराहट होती है। क्या करें? - सुशीला देवी, गांधी नगर। रेशमा, अरौल।
- बीपी का अधिक होना हृदय रोग के खतरे को कई गुणा तक बढ़ा देता है। इसलिए हार्ट अटैक का खतरा सर्दी के दिनों बढ़ जाता है। लाइफ स्टाइल का सुधार करके दिल की बीमारी से बचा जा सकता है। हाई प्रोटीन, लो कार्बोज लें। स्मोकिंग से बचें। बीपी व शुगर को नियंत्रित रखें। अगर सीने के बीच वाले भाग में दर्द हो रहा है, तो इसे अनदेखा न करें।
- कोलेस्ट्राल बढ़ा रहता है। क्या यह खतरनाक हो सकता है? - पवन चौरसिया, जेके कालोनी। प्रदीप सिंह, किदवई नगर।
- जी हां, 800 से ज्यादा आपका काेलेस्ट्राल है तो आप खतरनाक श्रेणी में शामिल है। इसलिए लापरवाही न बरतें, शरीर में बैड कोलेस्ट्राल बढ़ने से हृदय में ब्लाकेज का खतरा बढ़ जाता है। इस कारण ही चलने, काम करने व सीढ़ी चढ़ने पर सांस फूलने की समस्या हो सकती है। बैड कोलेस्ट्राल नसों में ब्लाकेज का कारण बनता है। इससे नसों में खून का संचार बाधित होता है। इसलिए समय-समय पर कोलेस्ट्राल स्तर की जांच करानी चाहिए।
- कई बार हार्ट की समस्या होती है, परंतु जांच में कुछ भी नहीं मिलता है। ऐसे में क्या करना चाहिए? - राहुल अग्रवाल, केसी भाटिया, सरोजनी नगर।
- कई मामलों में ऐसा देखा गया है कि सीने में दर्द होने पर भी जांच में कुछ नहीं मिलता है। इस प्रकार की समस्या गैस्ट्रिक मरीजों में ज्यादा मिलती है। फिर भी सीने में दर्द होने पर हृदय जांच करानी चाहिए। गैस्ट्रिक समस्या पर विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए। एंजियोग्राफी कराने पर इसकी गंभीरता पता चल सकती है। इसलिए विशेषज्ञ की सलाह पर ही इलाज कराना चाहिए।
- 75 साल का हूं, हृदय को कैसे सुरक्षित रखें। क्या करें और क्या न करें? - तुलसी राम कुशवाहा, यशोदा नगर। जय प्रकाश तिवारी, बर्रा एक।
- सर्दी में खुद को बचाकर ही दिल को सुरक्षित रखा जा सकता है। खान-पान, दिनचर्या में सुधार, सर्दी के मौसम में ठंड से बचें।शरीर के तापमान में अचानक होने वाला बदलाव ही हार्ट को नुकसान पहुंचाता है। फैट वाले खाद्य पदार्थ से बचें। मीठा खाने से परहेज करें। तनाव मुक्त रखें और पर्याप्त नींद लेकर आप दिल की बीमारियों से बच सकते हैं। सर्दी बढ़ने पर शरीर को कवर करके रखें। आप जिस कमरे में रह रहे हैं, वहां पर आयल हीटर का प्रयोग कर तापमान को नियंत्रित कर सकते हैं। हृदय के मरीज हैं, तो दवाएं नियमित रूप से लें। चिकित्सीय परामर्श लेकर डोज को संशोधित करा लें।
- पेसमेकर लगा था। कितने समय में इसकी जांच करानी चाहिए? - संजय त्रिपाठी, इंद्रानगर।
- कम से कम पांच साल में पेसमेकर की जांच करानी चाहिए। इसकी बैट्री की जांच होने से पेसमेकर की मौजूदा स्थिति पता चलती रहती है। अगर पेसमेकर लगे हुए किसी व्यक्ति को घबराहट व सीने में दर्द के साथ किसी भी प्रकार की समस्या हो तो हृदय रोग विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए।
हृदय रोगी सर्दियों में ऐसे रखें दिल का ख्याल
- सर्दी की शुरुआत होने पर चिकित्सक से मिलकर दवाओं में संशोधन करा लें।
- सुबह और शाम की सर्दी से बचें। शरीर को अच्छे से ढ़ककर रखें।
- सीने में दर्द होने पर सोर्बिट्रेट की दवाएं जरूर जीभ के नीचे रखें। अधिक दर्द होने पर 15-15 मिनट के अंतराल पर दवाएं लें। उसके बाद हृदय रोग विशेषज्ञ को दिखाएं।
जो हृदय रोगी नहीं हैं वे लोग ऐसे करें बचाव
- नमक का सेवन कम करें।
- बीपी और मधुमेह के मरीज दवाएं नियमित रूप से लें।
- खान-पान बेहतर करें।
- योग और प्राणायाम जरूर करें।
- बुजुर्ग सोकर सीधे बिस्तर से नहीं उठे। कुछ समय आराम के बाद ही बिस्तर छोड़े।
सर्दियों में रहता इन बीमारियों का खतरा
- हृदय की गंभीरता।
- सांस फूलना, अस्थमा और सीओपीडी, सूखी खांसी।
- त्वचा रोग।
- संक्रमण के कारण निमोनिया और फ्लू।
इन्होंने किए प्रश्न
अभिनव, डा. रफीक अहमद, बेकनगंज। मो. शमीम, कर्नलगंज, अमर सिंह। पारुल सिंह, पी रोड। योगेंद्र भसीन, किदवई नगर। किशोर। ममता गुप्ता, किदवई नगर। सुनील कुमार गुप्ता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।