विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में 5 लोगों के सामूहिक हत्या में 8 साल में फैसला, 3 को उम्रकैद, ऐसे खुला था राज

Published: Fri, 30 Jan 2026 10:13 PM (IST)

हमीरपुर के मौदहा में 2017 के सामूहिक हत्याकांड में आठ साल बाद फैसला आया है। लूटपाट के इरादे से पांच लोगों की हत्या करने वाले तीन दोषियों को उम्रकैद और 19-19 हजार रुपये का अर्थदंड सुनाया गया है। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से असली हत्यारों का पता लगाया था, जिन्होंने एक वृद्ध दंपति, उनकी बेटी, नातिन और परनातिन की निर्मम हत्या कर दी थी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 10 मई 2017 को मौदहा कस्बे में शाम हुई थी घटना, दो दिन बाद चला था पता 

  2. सर्विलांस की मदद से चार माह बाद पुलिस लगा सकी थी असली हत्यारों का पता 

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। मौदहा कस्बा में 10 मई 2017 की रात लूटपाट के इरादे से पहुंचे तीन साथियों ने पहले गृहस्वामी के साथ शराब पी, इसके बाद एक-एक कर वृद्ध दंपती, उसकी बेटी, नातिन व छह माह की परनातिन की हत्या कर नकदी, जेवर, मोबाइल लूट कर भाग निकले। सर्विलांस की मदद से करीब चार माह बाद पुलिस हत्यारों तक पहुंची। करीब आठ साल तक न्यायालय में चली सुनवाई के बाद विशेष न्यायालय डकैती ने पांच लोगों की हत्या के मामले में तीनों आरोपितों को दोषी करार देते हुए उम्र कैद और 19-19 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

मौदहा क्षेत्र के मुहल्ला बड़ी देवी में कृष्णपाल सिंह पत्नी कुसुमा देवी के साथ रहते थे। उनकी बेटी रानी और नातिन आकांक्षा देवी उर्फ रामलली अपनी छह माह की बेटी के साथ आई थी। 10 मई 2017 की रात घर पहुंचे अज्ञात लोगों ने पांचों की हत्या कर दी थी और घर में रखे सोने चांदी के जेवर, नकदी, मोबाइल फोन आदि सामान लूट कर भाग निकले। इसके पहले उन्होंने घर में कुछ जगह आग भी लगा दी थी। दो दिनों तक किसी को कुछ पता नहीं चला।

12 मई की शाम पड़ोस में रहने वाली युवती को कृष्णपाल के घर से धुआं निकलने की आशंका हुई। पुलिस जब घर का दरवाजा खोला कर अंदर पहुंची तो सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अलग-अलग स्थानों पर पांच शव पड़े थे। 13 मई 2017 को दिवंगत रानी के बेटे सौरभ सिंह पुत्र रामेंद्र सिंह निवासी पीपरी अठगइयां थाना सिरसा कलार जिला जालौन ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि संपत्ति के लालच में नाना के पारिवारिक जुगुल किशोर ने साथियों के साथ मिलकर वारदात की है। पुलिस ने भी जुगुल किशोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इधर पुलिस की जांच चली रही, जिसमें 13 सितंबर 2017 को कृष्णपाल सिंह के घर से लूटा गया मोबाइल फोन चालू होने पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर कामता उर्फ अजय सिंह व मूलचंद्र उर्फ मुल्लू श्रीवास निवासी खंडेह को पकड़ा। उन्होंने बताया कि गांव के ही पुष्पेंद्र सिंह पुत्र झाम सिंह ने बताया था कि उसके परिचित कृष्णपाल सिंह के यहां काफी सोना-चांदी व नकदी है। तीनों ने 10 मई 2017 की शाम करीब चार बजे दंपती, उनकी बेटी और नातिन की हत्या कर दी, जबकि छह माह की बच्ची को छोड़ आए थे। धुएं से दम घुटकर बच्ची की मौत हो गई थी।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हत्या व लूट के मामले में जेल भेज कर आरोप पत्र दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई विशेष न्यायालय डकैती में शुरू हुई। शुक्रवार को न्यायाधीश अनिल कुमार खरवार ने अपर जिला शासकीय अधिवक्ता मणिकर्ण शुक्ला की दलीलों को सुनने के बाद तीनों आरोपितों को दोषी करार दिया। न्यायालय ने अभियुक्त पुष्पेंद्र, मूलचंद्र उर्फ मुल्लू श्रीवास व कामता उर्फ अजय सिंह को उम्र कैद व 19-19 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।