सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट, 5 दिन में चांदी 7,300 और सोना 5,700 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता
सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट से कानपुर के सराफा बाजार में खरीदारी की नई उम्मीद जगी है। ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर में सोने चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट।
दीपावली के बाद चांदी ₹7,300, सोना ₹5,700 सस्ता।
शादी-ब्याह के लिए आभूषण खरीदने का अनुकूल समय।
जागरण संवाददाता, कानपुर। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार आ रही नरमी ने सराफा बाजार में खरीदारी की नई उम्मीद जगा दी है। दीपावली के बाद दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को कानपुर में चांदी 1,83,700 रुपये प्रति किलो और सोना 1,39,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
एक दिन में चांदी 4,300 रुपये और सोना 1,700 रुपये सस्ता हुआ है। दीपावली के दिन की तुलना में चांदी 7,300 रुपये और सोना 5,700 रुपये नीचे आ चुका है। कीमतों में इस गिरावट से उन ग्राहकों के बाजार में लौटने की उम्मीद है, जो ऊंचे भाव के कारण खरीदारी टाल रहे थे।
स्थानीय सराफा बाजार में आठ नवंबर को दीपावली के दिन शुद्ध चांदी टैक्स समेत 1.91 लाख रुपये प्रति किलो और टैक्स समेत सोना 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 12 नवंबर को चांदी का भाव घटकर 1.88 लाख रुपये और सोना 1,41,500 रुपये पर आ गया था।
शुक्रवार को गिरावट का सिलसिला और तेज हुआ। चांदी 1,83,700 रुपये और सोना 1,39,800 रुपये पर पहुंच गया। इस तरह पांच दिनों में दोनों कीमती धातुओं के भाव में उल्लेखनीय कमी आई है।
सराफा कारोबारी पदम अग्रवाल का कहना है कि सोने और चांदी की खरीदारी के लिए यह सबसे अच्छा मौका है। कीमतों में आई गिरावट से ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। खासकर शादी-ब्याह के लिए आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए यह अनुकूल समय है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सहालग शुरू होने वाला है। ऐसे में सोने-चांदी के भाव नीचे आने से खरीदारी में तेजी आएगी। जिन लोगों ने ऊंचे भाव के कारण खरीदारी रोक रखी थी, वे अब बाजार का रुख कर सकते हैं।
कारोबारियों को उम्मीद है कि कीमतों में नरमी और सहालग की तैयारियों के चलते आने वाले दिनों में सराफा बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे आभूषणों की बिक्री को गति मिलने के साथ कारोबार में भी तेजी आने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।