विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में आर्थिक तनाव की दर्दनाक कीमत: शेयर बाजार में पिता के डूबाए 12 लाख, व्यापारी ने दे दी जान

Published: Sat, 17 Jan 2026 01:54 PM (IST)

कानपुर के संजय कुमार त्रिपाठी (36) ने शेयर बाजार में 12 लाख रुपये गंवाने के बाद आत्महत्या कर ली। यह ...और पढ़ें

दिवंगत संजय की फाइल फोटो। स्वजन

दिवंगत संजय की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. संजय कुमार त्रिपाठी ने शेयर बाजार में 12 लाख गंवाए

  2. पिता के प्लॉट बिक्री के पैसे शेयर बाजार में लगाए

  3. सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी को बताया आत्महत्या का कारण

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र से शनिवार को एक और दर्दनाक घटना सामने आई। शेयर बाजार में नुकसान की वजह से व्यापारी ने जान दे दी। व्यापारी ने अपने पिता के 12 लाख रुपये शेयर बाजार में लगा दिए थे।

मूल रूप से बांदा जिले के अतर्रा निवासी 36 वर्षीय संजय कुमार त्रिपाठी ने आर्थिक तनाव और मानसिक दबाव के चलते आत्महत्या कर ली। संजय पिछले कुछ वर्षों से अपनी पत्नी लक्ष्मी, दो वर्षीय बेटे राघव, पिता भारत लाल और छोटे भाई राहुल के साथ किदवई नगर ई-ब्लॉक स्थित मकान में रह रहे थे।

परिवार के अनुसार कुछ समय पहले पिता भारत लाल ने अपनी जमीन का एक प्लाट बेचा था, जिसकी रकम उन्होंने बेटे संजय के खाते में ट्रांसफर कराई थी, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति और बेहतर हो सके। लेकिन संजय ने वह रकम शेयर मार्केट में लगा दी। शुरुआती उम्मीदें जल्द ही भारी नुकसान में बदल गईं और करीब 12 लाख रुपये डूब गए। इस नुकसान ने संजय को अंदर से तोड़ दिया था।

बताया जा रहा है कि तब से संजय काफी तनाव में रहने लगा था। वह कम बोलने लगा था और अक्सर गुमसुम रहता था, लेकिन परिवार को अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। शुक्रवार को संजय पनकी यार्ड में काम करने वाले अपने दोस्त धर्मेंद्र के घर गया। दोनों ने साथ बैठकर खाना खाया, जिसके बाद धर्मेंद्र ड्यूटी के लिए निकल गया। संजय उसी के कमरे में रुक गया।

शाम को जब धर्मेंद्र वापस लौटा तो कमरे का नजारा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। संजय का शव फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही परिवार और पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान संजय की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने शेयर मार्केट में हुए भारी नुकसान को अपनी आत्महत्या की वजह बताया। एक छोटे बच्चे के सिर से पिता का साया उठ जाना और परिवार पर टूटे इस दुख ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।