विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

31 अक्टूबर को पटेल जयंती पर 5 शहरों से शुरू होगी कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र योजना, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:42 PM (IST)

प्रदेश सरकार 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सरदार पटेल जयंती पर कौशल प्रशिक्षण योजना शुरू।

  2. कानपुर के चकेरी में बनेगा नया कौशल केंद्र।

  3. युवाओं को उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को प्रदेश सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू करने जा रही है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की ओर से तैयार सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना के पहले चरण में लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, झांसी और गौतमबुद्ध नगर में केंद्र विकसित किए जाएंगे।

कानपुर में चकेरी क्षेत्र में इसके लिए भूमि चिह्नित की गई है। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देकर देश-विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ने की योजना है।

योजना के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों को नौ जोन में बांटकर कौशल विकास, औद्योगिक इकाइयों और सेवायोजन का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र के लिए 10 से 25 एकड़ तक भूमि की व्यवस्था होगी। ऐसे सभी केंद्र जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर के दायरे में होंगे और इन्हें अगले दो वर्षों में चार लेन सड़क के साथ निकटतम एक्सप्रेस-वे या राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जाएगा।


योजना के तहत केंद्रों का विकास सार्वजनिक-निजी भागीदारी से होगा। इसके लिए स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) बनाकर 99 वर्ष की लीज पर भूमि दी जाएगी। मास्टर डेवलपर को तीन वर्ष में निर्माण पूरा करना होगा। पांच वर्ष में काम पूरा नहीं होने पर अनुबंध निरस्त करने का प्रविधान रखा गया है। परियोजनाओं को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाने के लिए जरूरत के अनुसार वायबिलिटी गैप फंडिंग भी दी जा सकेगी।

केंद्रों में तकनीकी और गैर-तकनीकी, दोनों तरह के पाठ्यक्रमों की व्यवस्था होगी। आइटीआइ, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के साथ मानविकी और वाणिज्य विषयों के युवाओं को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए मांग के अनुसार विदेशी भाषाएं सिखाई जाएंगी। परिसर में छात्रावास और सेवायोजन एवं प्लेसमेंट सेल भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार से जोड़ने में मदद मिल सके। इसके विकास में कंपनियां अपने सीएसआर फंड का भी प्रयोग कर सकेंगी।

पहले चरण में शामिल पांच जिले

  • लखनऊ : राजधानी लखनऊ में इस परियोजना के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा वरुण विहार में जमीन उपलब्ध करा दी गई है।
  • कानपुर : औद्योगिक नगरी कानपुर में कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के अंतर्गत चकेरी क्षेत्र की भूमि को चिन्हित कर लिया गया है।
  • गोरखपुर : गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) द्वारा परियोजना के लिए जमीन का चयन पूरा कर लिया गया है।
  • झांसी : बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) द्वारा झांसी में केंद्र स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर ली गई है।
  • गौतमबुद्ध नगर (नोएडा): नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के स्तर पर भूमि चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।




योजना को शासन से स्वीकृत मिल चुकी है। सरदार पटेल जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री के स्तर से योजना की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।
- के. विजयेंद्र पांडियन , आयुक्त उद्योग

 

यह भी पढ़ें- Diwali से पहले खाद्य विभाग की Kanpur में बड़ी कार्रवाई, 19 ई-कामर्स स्टोर में मिलीं कमियां, 3 के लाइसेंस निलंबित

यह भी पढ़ें- UP CM Yogi Adityanath: ‘विरासत में गद्दी मिल सकती है, बुद्धि नहीं’, कानपुर से सपा-कांग्रेस पर बरसे मुख्यमंत्री