कानपुर बस अड्डे पर दीवाली पर्व में घर जाने के लिए यात्रियों की मारामारी, सैकड़ों बसें कार्यशाला में खड़ी
कानपुर के झकरकटी बस अड्डे पर यात्रियों को बसों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि पूर्वी यूपी ...और पढ़ें
-1793986443336_m.webp)
खराब एसी बस के इंजन का परीक्षण करता कारीगर। जागरण
HighLights
यात्री झकरकटी बस अड्डे पर बसों के लिए परेशान रहे।
पूर्वी यूपी की कई बसें अड्डे पर नहीं आईं।
लगभग 200 बसें मरम्मत के लिए कार्यशाला में खड़ी हैं।
जागरण संवाददाता, कानपुर। ट्रेनों के साथ ही बसों में भी मारामारी की स्थिति रही। शहीद मेजर सलमान खान अंतरराज्यीय झकरकटी बस अड्डे पर गंतव्य को जाने के लिए यात्री बसों के चक्कर में पूरे दिन परेशान रहे। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों की अधिकांश बसें बस अड्डे पर ही नहीं आईं और वह बाहर रेलवे पुल से टाटमिल चौराहा पार करके भी जगह-जगह खड़े होकर सवारियां बैठाती रहीं।
बस अड्डे पर अव्यवस्था के चलते हरदोई, रायबरेली, बस्ती समेत कई जिलों की बसें यात्रियों को खोजे नहीं मिलीं। बस के इंतजार में खड़े विनोद ने बताया, हरदोई जाना है। सुबह 11 बजे से इंतजार में दोपहर के दो बज गए, पर बस नहीं मिली है। ऐसे ही अन्य कई यात्री इंतजार के बाद जब लखीमपुर, सुल्तानपुर, बस्ती व अन्य संबंधित गंतव्य की बसें नहीं आई, तब उन्होंने पूछताछ केंद्र पर जानकारी की तो, पता चला कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों की बसें बस अड्डे के अंदर नहीं आ रही हैं।
वहीं, कई बसें खराबी के चलते कार्यशाला में खड़ी रहीं। करीब 200 बसें डिपो की कार्यशाला में ही खड़ी हैं, उनकी मरम्मत हो रही है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार के अनुसार, कार्यशाला से निकली बस रास्ते में खराब हो जा रही है, जाहिर की मरम्मत में लापरवाही बरती गई होगी। इस मामले में कार्रवाई करेंगे।
तीन घंटे से इंतजार कर रहे हैं, बस नहीं मिली है। भीड़ में धक्के खाकर बहुत परेशान हो गए हैं, अब लखनऊ तक एक कार मिल गई है। 200 रुपये देकर उसी से निकल रहे हैं।
- सूरज, रुपैडिया
बाहर सड़क पर 11 बजे से बस का इंतजार कर रहे हैं। एक बजे तक जब नहीं मिली तो बस अड्डे पर पूछताछ केंद्र में बताया है कि बाहर सड़क पर बस देखो जाकर, कहां जाएं कैसे घर पहुंचेंगे। दोपहर के ढाई बज गए हैं।
- विष्णु सहाय, पडरौना
हरदोई की बस के लिए पहले दो घंटे बस अड्डे पर बैठे रहे और अब दोपहर 12 से डेढ़ बजे तक बाहर सड़क पर आकर इंतजार कर रहे हैं। बस कब आएगी, ये रोडवेज कर्मी बता नहीं रहे हैं।
- नीलू, हरदोई