Devotthan Ekadashi: देवोत्थान एकादशी पर जागेंगे भगवान विष्णु, तुलसी-शालिग्राम विवाह के दिन कानपुर में होंगी ढाई हजार शादियां
चातुर्मास की समाप्ति पर देवोत्थान एकादशी के साथ भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे, जिससे कानपुर में शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा। तुलसी-शालिग्राम पूजन के लिए बाजारों में खूब खरीदारी हुई और नवंबर-दिसंबर में 500 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।

HighLights
भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे, देवोत्थान एकादशी का पूजन।
कानपुर में शादियों का सीजन शुरू, गूंजेंगी शहनाइयां।
नवंबर-दिसंबर में 500 करोड़ के व्यापार का अनुमान।
जागरण संवाददाता, कानपुर। चातुर्मास की समाप्ति के साथ आज शुक्रवार को चराचर जगत के पालनहार भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे। घरों में ''जागो गोविंद... जागो गोपाल'' के जयघोष के साथ लोग देवोत्थान एकादशी का पूजन करेंगे। इसी के साथ सहालगों का दौर भी शुरू हो जाएगा और मैरिज हाल व लान से लेकर घरों तक शहनाइयां गूंजेंगी।
तुलसी और शालिग्राम पूजन के लिए लोगों ने बाजार में गन्ने से लेकर सिंघाड़े, सब्जियों और पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। उधर, सहालग की तैयारियों को लेकर कपड़े और ज्वैलरी आदि के बाजारों में भी जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है।
देवोत्थान एकादशी को लेकर सीसामऊ बाजार, गोविंद नगर, किदवई नगर, माल रोड, शिवाला, चौक, सर्राफा, साकेत नगर, लालबंगला, कल्याणपुर और केशवपुरम आदि स्थानों पर लोगों ने पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। इसके अलावा गंगा घाटों पर स्नान के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी, जिसके लिए प्रशासन की ओर से खास प्रबंध किए गए हैं।
बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट से लेकर राम घाट, अटल घाट, सरसैया घाट, भगवतदास घाट, मैस्कर घाट और ड्योढ़ी घाट पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है, वहीं भीड़ प्रबंधन के लिए घाटों के पास पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पूजन का मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य पं. मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि शुक्रवार को सुबह 7:15 बजे शुरू होगी और इसका समापन शनिवार को सुबह 6:31 बजे होगा। पंचांग को देखते हुए देवोत्थान एकादशी का पूजन शुक्रवार को किया जाएगा, लेकिन व्रत शनिवार को रखा जाएगा। दरअसल, शुक्रवार को सूर्योदय के समय दशमी तिथि विद्यमान रहेगी।
दस दिन विवाह के शुभ लग्न
विवाह के लिए नवंबर में पांच और दिसंबर में पांच दिन शुभ हैं। नवंबर में 20, 21, 24, 25 और 26 तथा दिसंबर में 2, 3, 5, 11 और 12 तारीख को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। इसके बाद 16 दिसंबर की रात्रि से खरमास लग जाएगा, जिससे मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।
लान बने विवाह समारोह के लिए पहली पसंद
सहालग का सीजन कारोबारियों के लिए खुशियां लेकर आ रहा है। तुलसी-शालिग्राम विवाह के दिन ही 2.5 हजार से अधिक शादियां होने का अनुमान है। नवंबर-दिसंबर की सहालग के लिए होटल, लान, गेस्ट हाउस और रिसार्ट की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। शादी समारोहों के लिए लान लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। कैटरिंग की बुकिंग औसतन 450 से 500 मेहमानों के लिए कराई जा रही है।
पांच सौ करोड़ के कारोबार का अनुमान
कानपुर होटल, गेस्टहाउस, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्यामलाल मूलचंदानी ने बताया कि नवंबर-दिसंबर में शहर भर में करीब दस हजार शादियां होने का अनुमान है। इसके लिए लोगों ने मैरिज हाल, होटल, लान, गेस्ट हाउस और रिसार्ट से लेकर कैटरर्स की बुकिंग करा ली है। उनके मुताबिक, एक शादी पर औसतन पांच से आठ लाख रुपये खर्च होने की संभावना है। ऐसे में कुल पांच सौ करोड़ रुपये के व्यापार का अनुमान है।
डे-वेडिंग का क्रेज
श्यामलाल मूलचंदानी बताते हैं कि इन दिनों युवा रात के बजाय दिन में शादी करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। नवंबर-दिसंबर में होने वाली करीब 25 प्रतिशत शादियां दिन में हैं। युवा दिन की रोशनी में बेहतर फोटोशूट, लाइट थीम के परिधान और सुविधाजनक शेड्यूल को इसकी मुख्य वजह मान रहे हैं। इसके चलते सजावट के तरीकों में भी काफी बदलाव आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।