सीएसजेएमयू में एमएससी जंतु विज्ञान की परीक्षा निरस्त, पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्नों पर फैसला
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने एमएससी तृतीय सेमेस्टर जंतु विज्ञान की परीक्षा पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न आने के ...और पढ़ें

HighLights
एमएससी जंतु विज्ञान परीक्षा पाठ्यक्रम से बाहर प्रश्नों के कारण निरस्त।
बीए समाजशास्त्र में अंग्रेजी शब्दों पर दोबारा परीक्षा का विकल्प।
आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज का परीक्षा केंद्र अनियमितताओं के चलते निरस्त।
जागरण संवाददाता, कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की विषम सेमेस्टर परीक्षा में मंगलवार को प्रश्नपत्र की गड़बड़ी सामने आई। एमएससी तृतीय सेमेस्टर जंतु विज्ञान के प्रश्नपत्र में कई सवाल निर्धारित पाठ्यक्रम (सिलेबस) से बाहर मिले। विभिन्न महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों की शिकायत पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने विषय विशेषज्ञों से प्रश्नपत्र की जांच कराई। शिकायत सही पाए जाने पर छात्रहित में परीक्षा निरस्त कर दी गई। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 14 नवंबर से चल रही हैं। मंगलवार को तीसरी पाली में एमएससी तृतीय सेमेस्टर जंतु विज्ञान की परीक्षा हुई। इसका पेपर कोड बी050902टी और शीर्षक ''''मालिक्यूलर बायोलाजी, इम्यूनोलाजी एंड बायोइन्फार्मेटिक्स'''' था। प्रश्नपत्र मिलने के बाद कई महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों ने कक्ष निरीक्षकों से कुछ सवाल पाठ्यक्रम से बाहर होने की शिकायत की। मामला विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचा।
परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्र का विषय विशेषज्ञों से परीक्षण कराया गया। इसमें छात्रों की शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
हिन्दी भाषा में लिखे सवालों में भी अंग्रेजी का प्रभाव
विषम सेमेस्टर परीक्षा में हिन्दी भाषा में लिखे सवालों में भी अंग्रेजी भाषा का प्रभाव नजर आए। मंगलवार को बीए प्रथम सेमेस्टर में सोश्योलॉजी (पेपर टाइटल - इंट्रोडक्शन टू बेसिक कांसेप्ट्स ऑफ सोश्योलॉजी) और बीए तृतीय सेमेस्टर में सोश्योलॉजी (पेपर टाइटल - सोशल चेंज एंड सोशल मूवमेंट) की परीक्षा थी। हिन्दी माध्यम वाले छात्रों को प्रश्नपत्र मिला तो उनके होश उड़ गए। क्योंकि हिन्दी में लिखे सवालों में अंग्रेजी शब्दों का भरपूर प्रयोग था। इसकी शिकायत विवि पहुंची।
परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने कहा कि इस संबंध में कई परीक्षा केंद्र व परीक्षार्थियों से बात की गई। उन्होंने हिन्दी में लिखे सवालों में अंग्रेजी शब्दों के प्रयोग की जानकारी दी लेकिन यह भी कहा कि इसमें समझने में कोई असुविधा नहीं है। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि किसी छात्र को अगर प्रश्न समझने में असुविधा हुई और वह दोबारा परीक्षा देना चाहता है तो विवि को सूचित करे। उनकी दोबारा परीक्षा करा दी जाएगी।
आज से चार महाविद्यालयों के बदले परीक्षा केंद्रों पर होंगी परीक्षाएं
सीएसजेएमयू प्रशासन ने परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर ने उन्नाव के बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कालेज (यूएन-77) का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया है। साथ ही, इस केंद्र पर परीक्षा दे रहे चार महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्रों में बदलाव किया गया है। 18 नवंबर से इन महाविद्यालयों की परीक्षाएं नए निर्धारित केंद्रों पर होंगी।
विश्वविद्यालय की ओर से 16 नवंबर को नियुक्त पर्यवेक्षकों ने आरएस गर्ल्स डिग्री कालेज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण आख्या के अनुसार, परीक्षा का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी परीक्षार्थी प्रश्नपत्र हल करते मिले। इसके अलावा तीनों पालियों की उत्तर-पुस्तिकाओं के पैकेट खुले पाए गए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे परीक्षा की शुचिता और नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए केंद्र निरस्त करने का निर्णय लिया।
परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि संशोधित व्यवस्था के तहत आरएस गर्ल्स डिग्री कालेज के परीक्षार्थी अब राधा कृष्ण महाविद्यालय, हसनापुर, गजमुरादाबाद (यूएन-47) में परीक्षा देंगे। अयोध्या प्रसाद मिश्रा महाविद्यालय, फतेहपुर चौरासी (यूएन-35) का केंद्र बदलकर आरएलआरपी महाविद्यालय, उगू (यूएन-40) किया गया है। मां शांति देवी महाविद्यालय, बहटा मुजावर (यूएन-44) के परीक्षार्थियों की परीक्षा रामरानी विश्वनाथ सिंह बालिका महाविद्यालय, रसूलखेड़ा, हफीजाबाद (यूएन-98) में होगी।
वहीं, अब्दुल गफ्फार महाविद्यालय (यूएन-72) के परीक्षार्थी एलीट कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन, उत्तमनगर, बांगरमऊ (यूएन-100) में परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि मंगलवार की परीक्षाएं पर्यवेक्षकों की निगरानी में कराई गईं। 18 नवंबर से संबंधित महाविद्यालयों की आगामी परीक्षाएं संशोधित केंद्रों पर ही होंगी। इस संबंध में सभी संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी कर दिया गया है।
विषम सेमेस्टर परीक्षा में 43,033 परीक्षार्थी हुए शामिल, दो नकल करते पकड़े
वहीं मंगलवार को विषम सेमेस्टर की परीक्षा तीन पालियों में हुई। कुल 45,684 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 43,033 ने परीक्षा दी, जबकि 2,651 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में डीबीएस कालेज के दो छात्र अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े गए। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि पहली पाली में 21,851, दूसरी में 9,398 और तीसरी पाली में 14,435 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।