विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम युवा उद्यमी योजना: नौकरी छोड़ कारोबार की ओर बढ़े कदम, कानपुर में 4080 युवाओं ने शुरू किया अपना बिजनेस

Published: Mon, 02 Nov 2026 05:26 PM (IST)

कानपुर में सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत 4080 युवाओं ने नौकरी छोड़कर अपना कारोबार शुरू किया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. कानपुर में 4080 युवाओं ने शुरू किए अपने उद्यम।

  2. योजना से 17.21 करोड़ ऋण, 16.61 करोड़ सब्सिडी मिली।

  3. युवाओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

अमन तिवारी, कानपुर। नौकरी की तलाश तक सीमित रहने के बजाय अब शहर के युवा अपना कारोबार खड़ा करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने इस बदलाव को गति दी है। बीते करीब डेढ़ वर्ष में कानपुर नगर में 4080 युवाओं ने अपने उद्यम शुरू किए हैं। उद्योग विभाग के अनुसार इन इकाइयों के लिए 17.21 करोड़ रुपये का ऋण और 16.61 करोड़ रुपये की सब्सिडी उपलब्ध कराई गई है।

योजना का असर छोटे विनिर्माण, सेवा और स्वरोजगार आधारित कारोबारों में साफ दिखाई दे रहा है। सरकारी वित्तीय सहायता मिलने से युवा खुद का रोजगार खड़ा करने के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर रहे हैं।

वर्तमान वित्तीय में अप्रैल से अब तक 1079 नए उद्यम स्थापित हुए हैं। इनके लिए 4.65 करोड़ रुपये का ऋण और 4.41 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्वीकृत की गई है। वहीं बीते वर्ष 3001 युवाओं ने योजना का लाभ लेकर 12.80 करोड़ रुपये का ऋण और 12.19 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्राप्त की थी।

योजना का उद्देश्य युवाओं को नौकरी खोजने के बजाय उद्यमी बनाना है। ऋण और सब्सिडी के सहारे युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने में मदद मिल रही है, जिससे जिले में उद्यमिता और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिल रही है।

-अंजनीश प्रताप सिंह, उपायुक्त उद्योग।

एक नजर में योजना

  • प्रथम चरण में पांच लाख तक का ऋण बिना किसी गारंटी के और 100 फीसद ब्याज-मुक्त दिया जाता है।
  • यदि पहला उद्यम सफल रहता है, तो दूसरे चरण (विस्तार) के लिए 10 20 रुपए लाख तक का वित्तपोषण भी प्राप्त किया जा सकता है।
  • परियोजना लागत पर 10 फीसद मार्जिन मनी अनुदान मिलता है।

पात्रता

  • आयु सीमा: आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
  • शैक्षणिक योग्यता: न्यूनतम 8वीं कक्षा पास होना जरूरी है, साथ ही किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र होना चाहिए।

बैंक वार जनपद में युवा उद्यम के लिए दो वर्षों में दिए ऋण का विवरण

बैंक का नाम वर्ष 2025-26 वर्ष 2026-27 कुल
एक्सिस बैंक 1 4 5
बैंक आफ बड़ौदा 552 167 719
बैंक आफ इंडिया 206 97 303
बैंक आफ महाराष्ट्रा 11 6 17
केनरा बैंक 97 38 135
सेंट्रल बैंक आफ इंडिया 295 73 368
एचडीएफसी बैंक 103 41 144
आइसीआइसीआइ बैंक 37 23 60
आइडीबीआइ बैंक 15 3 18
इंडियन बैंक 1 55 56
इंडियन ओवरसीज बैंक 311 24 335
पंजाब एंड सिंध बैंक 28 16 44
पंजाब नेशनल बैंक 39 95 134
स्टेट बैंक आफ इंडिया 328 278 606
द नैनीताल बैंक लिमिटेड - 481 482
यूसीओ बैंक 98 54 152
यूनियन बैंक आफ इंडिया 173 47 220
उप्र कापरेटिव बैंक लिमिटेड 5 3 8
उप्र ग्रामीण बैंक 220 67 287
कुलयोग 3001 1092 4093

लाभ लेने वाले लाभार्थियों का अनुभव

श्याम नगर के शिवम भाटिया ने बताया, रोजगार के सिलसिले में कई स्थानीय फैक्ट्रियों और कारखानो में काम किया लेकिन दिनभर की हाड़तोड़ मेहनत के बाद आमदनी वही सीमित रह रही थी। जबकि महंगाई के साथ- साथ परिवार के खर्चे भी बढ़ने लगे।

लिहाजा कम समय में ही यह समझ में आ गया कि ग्रोथ अपने हिसाब से चाहिए तो काम भी अपना होना चाहिए। लिहाजा सीएम उद्यम योजना से पांच लाख का ऋण लेकर फर्नीचर का काम शुरु कर दिया। अब जो भी है अपना है, नौकरी से बेहतर लग रहा है। साथ में दो लोगों को और रोजगार भी दे रहा हूं।

जीन्स-लोअर बनाने का लगाया कारखाना

रावतपुर गांव के अनवर अली ने बताया, कई साल कलकत्ता में रहकर जीन्स बनाने की फैक्ट्री में काम किया, जिसमें पैसा संतोषजनक मिल रहा था, लेकिन इतना नहीं कि परिवार को लेकर रहा जा सके। ऐसे में परिवार यहां रहता था और मैं वहां, दोनों एक-दूसरे को लेकर चिंतित रहते थे।

पिता बीमार पड़े तो यहां आ गया। योजना के तहत पांच लाख ऋण लेकर दो दोस्तों के साथ जीन्स और लोवर बनाने का काम शुरु कर दिया। अब परिवार के भी साथ हैं और काम भी चल रहा है।

यह भी पढ़ें- 'सीएम युवा उद्यमी अभियान' ने दिए पंख, अमेठी में अर्चना त्रिपाठी की सफलता बनी दूसरी महिलाओं के लिए मिसाल

यह भी पढ़ें- सीएम युवा उद्यमी योजना: पांच लाख से कारोबार शुरू कर आत्मनिर्भर बने सार्थक, दो युवाओं को दिया रोजगार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।