विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में ब्रजेश पाठक का विपक्ष पर हमला, बोले- कांग्रेस-सपा ने संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ रचा षड्यंत्र

Published: Wed, 04 Nov 2026 02:58 PM (IST)

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कानपुर में विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने लोकतंत्र ...और पढ़ें

कानपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक। जागरण

कानपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक। जागरण

HighLights

  1. कांग्रेस-इंडी गठबंधन पर लोकतंत्र, संविधान विरोधी षड्यंत्र का आरोप

  2. विपक्ष पर ईवीएम, मतदाता सूची पर भ्रम फैलाने का आरोप

  3. सपा सरकार में माफियाराज, योगी सरकार में कानून का राज

जागरण संवाददाता, कानपुर। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों ने लोकतंत्र और बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर के संविधान के खिलाफ षड्यंत्र रचने का काम किया है। चुनाव में हार मिलने पर विपक्ष ईवीएम और चुनाव आयोग को लेकर देश की जनता को गुमराह कर रहा है।

लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने और विदेशी ताकतों के एजेंडे पर देश में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। बुधवार को कानपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्रा के बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की जनता ने हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरकर विपक्ष को जवाब दिया है। यह कानपुर की धरती है, यहां से उठने वाली आवाज पूरे देश में जाती है। जनता ने बता दिया है कि संविधान विरोधी कृत्यों और लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता अब पूरे कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में घर-घर जाकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन की असलियत जनता को बताएंगे।

ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद कांग्रेस हर बार नया बहाना लेकर आती है। कभी ईवीएम तो कभी मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में एक व्यक्ति का नाम दो बार होना चाहिए क्या? जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम सूची में बने रहने चाहिए क्या? स्थानांतरित हो चुके लोगों और डुप्लीकेट नामों को हटाना क्या गलत है? मतदाता सूची का शुद्धीकरण एक संवैधानिक प्रक्रिया है। विपक्ष इसी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर के नाम पर राजनीति करने का नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने बाबा साहब को चुनाव हराने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान में कई बार संशोधन किए और आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कुचलने का काम किया। देश की 90 चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का भी आरोप कांग्रेस पर लगाया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी जब भी चुनाव में जनता के बीच जाते हैं, हार के बाद नया मुद्दा लेकर सामने आ जाते हैं। कर्नाटक में वोट चोरी का आरोप लगाने के बाद भी अब तक न्यायालय में शपथपत्र दाखिल नहीं किया गया। संसद की कार्यवाही के बजाय विपक्ष सड़क पर राजनीतिक नाटक कर रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बहस की चुनौती दी है, लेकिन विपक्ष उसका सामना करने का साहस नहीं जुटा पा रहा है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि सपा सरकार में प्रदेश में माफिया और गुंडों का बोलबाला था। कानपुर, फतेहपुर, चित्रकूट और बुंदेलखंड के क्षेत्रों में जमीनों, मकानों और दुकानों पर कब्जे होते थे। बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल था। सपा सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिलता था। योगी सरकार ने माफिया और गुंडों को जेल पहुंचाकर कानून का राज स्थापित किया है। आज प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं और विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि 2012 में सपा सरकार बनने के बाद आतंकवाद से जुड़े मामलों में आरोपितों के मुकदमे वापस लेने का प्रयास किया गया था। न्यायालय के हस्तक्षेप से ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि टूजी स्पेक्ट्रम, कोयला और जमीन से जुड़े घोटालों ने देश की छवि को नुकसान पहुंचाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश में व्यापक बदलाव आया है। आज दुनिया भारत की बात गंभीरता से सुनती है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर जनता को बताएं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास, सुशासन तथा सुरक्षा का नया वातावरण बना है। विपक्ष की अराजकता और संविधान विरोधी राजनीति का जवाब जनता तक पहुंचाना है।

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश भाई पटेल, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, असीम अरुण, कृष्णा पासवान, रामकेश निषाद, मनोहर लाल पंथ, प्रतिभा शुक्ला, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, रमेश अवस्थी, राज्यसभा सदस्य प्रकाश पाल, महापौर प्रमिला पांडेय, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल सहित पार्टी के कई विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।