करौंदा, कैथा और बारबडोस चेरी की खेती से चमकेगी किस्मत, किसानों की कमाई को मिलेगा बूस्टर
किसानों की आय बढ़ाने के लिए चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय (सीएसए) 15 कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से करौंदा, कैथा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सीएसए 15 कृषि विज्ञान केंद्रों से खेती को बढ़ावा देगा।
करौंदा, कैथा, बारबडोस चेरी से किसानों की आय बढ़ेगी।
विज्ञानी उन्नत तकनीक और बीज किसानों को देंगे।
जागरण संवाददाता, कानपुर। आम, अमरूद और केले जैसे पारंपरिक फलों की खेती के बीच अब किसानों के खेतों में करौंदा, कैथा, शरीफा, लसोड़ा और बारबडोस चेरी भी नजर आएंगे। पोषक तत्वों और औषधीय गुणों से भरपूर इन कम प्रचलित फलों को बाजार और खेती में पहचान दिलाने की तैयारी है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) प्रदेश के 15 कृषि विज्ञान केंद्रों के जरिए किसानों को इनकी खेती से जोड़ेगा। विज्ञानी अब किसानों को उन्नत तकनीक की जानकारी देने के साथ पौधे और बीज भी उपलब्ध कराएंगे। योजना के जरिए पारंपरिक फसलों पर निर्भरता के बीच किसानों को आय के नए विकल्प देने की कोशिश की जा रही है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय सीएसए के निदेशक प्रसार डॉ. वीके त्रिपाठी ने बताया कि सभी चयनित केवीके प्रभारियों से चर्चा कर योजना तैयार की गई है। इसका उद्देश्य किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ कम प्रचलित फलों की खेती के विकल्प देना और उनकी आय बढ़ाने की संभावनाएं विकसित करना है।
डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि कैथा में विटामिन बी पाया जाता है। इसका उपयोग चटनी और जैली बनाने में होता है। बारबडोस चेरी में विटामिन सी की मात्रा 1400 मिलीग्राम तक बताई गई है। करौंदा आयरन का स्रोत है, जबकि लसोड़े का अचार बनाया जाता है। शरीफा और झरबेरी वाले बेर की खेती को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
इन जिलों में चुने गए केवीके
डॉ. वीके त्रिपाठी ने बताया कि योजना के लिए फतेहपुर, रायबरेली, हरदोई, लखीमपुर, कानपुर देहात, मैनपुरी, कन्नौज, कासगंज, हाथरस, इटावा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, फर्रुखाबाद और औरैया के कृषि विज्ञान केंद्रों का चयन किया गया है। यहां के विज्ञानी किसानों को फलदार पौधों की खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी देंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।