BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलकर अपनी परंपराओं पर करें गर्व
भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कानपुर में कहा कि आचार्य का कार्य विवेक जागृत करना और श्रेष्ठ संकल्प पैदा करना है, केवल ज्ञान देना नहीं। उन्होंने गुलामी की मानसिकता त्यागकर भारतीय परंपराओं पर गर्व करने और प्रकृति के साथ संतुलन बनाने का आह्वान किया।

HighLights
आचार्य का महत्व विवेक जागृत करना, श्रेष्ठ संकल्प पैदा करना।
गुलामी की मानसिकता त्यागकर भारतीय परंपराओं पर गर्व करें।
प्रकृति को माता मानें, त्यागपूर्वक भोग करें, संतुलन बनाएं।
जागरण संवाददाता, कानपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आचार्य का महत्व केवल विषयों का ज्ञान देने तक सीमित नहीं है। उनका वास्तविक कार्य व्यक्ति के भीतर विवेक जागृत करना और उसके मन में श्रेष्ठ संकल्प पैदा करना है।
आज इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से किसी भी विषय की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है, लेकिन सही और गलत का निर्णय करने वाला विवेक केवल सूचनाओं से विकसित नहीं होता। इसके लिए आचार्य के मार्गदर्शन और संस्कारों की आवश्यकता होती है।
शनिवार को आर्यनगर स्थित बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के तीसरे दिन आयोजित आचार्य वंदनम् कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि शास्त्रों में 'श्रद्धावान लभते ज्ञानम्' कहा गया है, न कि केवल बुद्धिमान व्यक्ति ज्ञान प्राप्त करता है। बुद्धि होना और विवेकवान होना दो अलग-अलग बातें हैं। चोर और आतंकवादी भी बुद्धिमान हो सकते हैं, लेकिन उनके भीतर विवेक का अभाव होता है।

आचार्य व्यक्ति के मन, विचार और संकल्प को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। कहा कि पूजा के समय संकल्प दिलाने की परंपरा भी इसी भाव को दर्शाती है। संकल्प मन का विषय है, बुद्धि का नहीं। बुद्धि और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन संकल्प कृत्रिम नहीं हो सकता। हमारा मन जैसा संकल्प करता है, बुद्धि उसी दिशा में काम करती है। इसलिए वैदिक प्रार्थना 'तन्मे मनः शिवसंकल्पमस्तु' में मन को श्रेष्ठ संकल्प वाला बनाने की कामना की गई है।
डॉ. त्रिवेदी ने उदाहरण देते हुए कहा कि इन्फोसिस और अलकायदा की तुलना करते हुए अमेरिकी लेखक और पत्रकार टामस एल. फ्रीडमैन ने अपने लेख में बताया था कि दोनों संगठनों में समर्पित और प्रतिभाशाली युवा थे। दोनों ने वैश्विक प्रभाव स्थापित किया, लेकिन एक ने दुनिया के विकास में योगदान दिया और दूसरे ने विनाश का रास्ता चुना। इसका कारण उनकी बुद्धिमत्ता नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और संकल्प का अंतर था। इसलिए महत्वपूर्ण यह नहीं है कि व्यक्ति कितना बुद्धिमान है, बल्कि यह है कि उसकी बुद्धि किस दिशा में इस्तेमाल हो रही है।
पर्यावरण संकट पर उन्होंने कहा कि आज मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक प्रकृति का असंतुलन है। शुद्ध भोजन, पानी और हवा तक उपलब्ध कराना चुनौती बनता जा रहा है। इसका मूल कारण प्रकृति को अपने से अलग मानकर उसका अंधाधुंध दोहन करना है। पश्चिमी चिंतन में प्रकृति पर विजय और उसे अपने अधीन करने की अवधारणा विकसित हुई, जबकि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को माता माना गया है।
उन्होंने ऋग्वेद के पृथ्वी सूक्त का उल्लेख करते हुए कहा कि 'माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः' अर्थात भूमि मेरी माता है और मैं उसका पुत्र हूं। जब प्रकृति को माता मानते हैं तो उससे पोषण लेते हैं, शोषण नहीं करते। ईशावास्य उपनिषद का संदेश भी यही है कि त्यागपूर्वक भोग करो। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलना ही भारतीय जीवनदृष्टि का आधार है।
कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी उत्पत्ति को लेकर अलग-अलग सिद्धांत सामने आए थे। एक सिद्धांत वन्यजीव बाजार से संक्रमण फैलने का था और दूसरा प्रयोगशाला से वायरस के लीक होने का। इन उदाहरणों से यह समझने की जरूरत है कि खानपान में संयम और ज्ञान का सदुपयोग कितना आवश्यक है। ज्ञान गलत हाथों में पहुंच जाए तो वह व्यक्ति ही नहीं, पूरे समाज और दुनिया के लिए संकट खड़ा कर सकता है।
अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर करें गर्व
डॉ. त्रिवेदी ने भारतीय खानपान और परंपराओं को लेकर बनी धारणाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारतीय भोजन में मसालों और देसी घी का विशेष महत्व रहा है। मसालों के लिए दुनिया के विभिन्न हिस्सों से व्यापारी भारत आते थे। देसी घी और कच्ची घानी के तेल का इस्तेमाल हमारी पारंपरिक खाद्य संस्कृति का हिस्सा रहा है। इसके बावजूद कई बार अपनी ही परंपराओं को पिछड़ा बताने की मानसिकता दिखाई देती है।
उन्होंने दीपावली का उदाहरण देते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के आगमन पर घर-घर दीप जलाने की परंपरा उस समय की समृद्धि और सामाजिक सहभागिता को भी दर्शाती है। दीपावली और छठ जैसे पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन को भी गति देते हैं।
इस वर्ष दीपावली और छठ के अवसर पर सात लाख करोड़ रुपये के कारोबार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराओं को देखने का नजरिया बदलने की आवश्यकता है। कहा कि गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलकर अपनी संस्कृति, ज्ञान और परंपराओं के प्रति गौरव का भाव जगाना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रीमद्भगवद्गीता को उपहार में देने और भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों को प्रतिष्ठा देने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक विरासत आज वैश्विक विमर्श का हिस्सा बन रही है।
भारत की एकता को कमजोर करने के लिए पैदा किए जाते हैं भेद
उन्होंने कहा कि किसी देश को कमजोर करने के लिए दाम, दंड और भेद की नीति अपनाई जाती है। कभी आर्थिक दबाव, कभी राजनीतिक हस्तक्षेप और कभी क्षेत्र, भाषा तथा पीढ़ियों के बीच मतभेद पैदा करके समाज को बांटने का प्रयास होता है। उत्तर-दक्षिण, हिंदी-कन्नड़, हिंदी-बांग्ला और विभिन्न राज्यों के बीच विवादों को इसी दृष्टि से समझने की जरूरत है। डा. त्रिवेदी ने कहा कि भारत की विशेषता उसकी विविधता में एकता है। यहां विभिन्न जातियों, भाषाओं और परंपराओं के लोग एक साथ रहते हैं। छठ पूजा जैसे आयोजनों में समाज की व्यापक भागीदारी इसका उदाहरण है।
उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली विभाजनकारी सामग्री के प्रति सजग रहने और राष्ट्रीय एकता के भाव को मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि भारत आज आर्थिक, तकनीकी और अंतरिक्ष के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने और उस स्थान का नाम शिव शक्ति प्वाइंट रखे जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों और सांस्कृतिक चेतना के बीच कोई विरोध नहीं है। भारतीय चिंतन में शिव और शक्ति का समन्वय सृष्टि के संतुलन का प्रतीक है।
संबोधन के समापन पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का स्वभाव शांति और सद्भाव का है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर अपनी शक्ति और सामर्थ्य दिखाने में भी सक्षम है। सर्जिकल स्ट्राइक और आपरेशन सिंदूर से दुनिया को भारत से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन भारत को कमजोर समझने की भूल भी नहीं करनी चाहिए। आज भारत के लिए अपनी सांस्कृतिक चेतना, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का समय है।
महिला आरक्षण पर विपक्ष से मांगा स्पष्ट रुख
राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने संसद के विशेष सत्र, महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे मुद्दों पर विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने का अवसर है। महिला सशक्तीकरण की बात करने वाले राजनीतिक दलों को इस विषय पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। महत्वपूर्ण संवैधानिक और लोकतांत्रिक विषयों को राजनीतिक दृष्टिकोण से देखना उचित नहीं है।
सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी एकजुटता के दावों के बीच नेतृत्व और राजनीतिक हितों को लेकर विरोधाभास दिखाई देता है। पीडीए की राजनीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व की बातें केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि राजनीतिक दलों के निर्णयों और आचरण में भी दिखाई देनी चाहिए।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
डा. त्रिवेदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता का भी उल्लेख किया। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल और रक्षा गलियारे जैसी परियोजनाओं को देश की सामरिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का उदाहरण बताया। कहा कि भारत को अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ विज्ञान, तकनीक और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ना होगा। कार्यक्रम में मुकुल कानिटकर, ओम शंकर त्रिपाठी, कृष्ण बिहारी पांडेय, अंगद सिंह, गुणवंत सिंह कोठारी, राजकुमार लोहिया, नीतू सिंह, अरविंद दीक्षित, नवीन त्रिपाठी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।