Kanpur BJP कार्यालय में जमकर मारपीट, कुर्सी पर बैठने को लेकर चले लात घूंसे, क्षेत्रीय प्रभारी के स्वागत में जुटे थे सभी
कानपुर में भाजपा के एक कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी के स्वागत समारोह के दौरान दो पदाधिकारियों में ...और पढ़ें
HighLights
मंच पर दो बार हुई हाथापाई, कार्यक्रम से निकाला तो बाहर जाकर फिर करने लगे मारपीट
थप्पड़ और चप्पल बरसाने के साथ फाड़े कपड़े, क्षेत्रीय अध्यक्ष ने दिए निष्कासन के संकेत
प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी के स्वागत समारोह में बड़े नेताओं के सामने हुआ विवाद
जागरण संवाददाता, कानपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री व कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी शंकर लाल लोधी के स्वागत में केशव नगर स्थित पार्टी कार्यालय में बुधवार को सजे मंच पर अनुशासन तार-तार हो गया। कुर्सी पर बैठने को लेकर बड़े नेताओं के सामने ही दो पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। पूर्व जिला मंत्री शिवपूजन सविता और जिला सह-मीडिया प्रभारी डा. विनय सिंह राठौर के बीच जमकर हाथापाई होने लगी और एक-दूसरे के कपड़े फाड़ दिए। जिलाध्यक्ष दक्षिण ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद ही दोनों दोबारा मारपीट करने लगे। इस पर दोनों को कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया। बाहर जाते ही फिर से मारपीट करने लगे।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी बुधवार को पहली बार शहर आए। मकसद था पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट करना, लेकिन केशव नगर स्थित क्षेत्रीय पार्टी कार्यालय में उनके सामने ही मंच पर मतभेद उभरकर सामने आ गए। कुर्सी के लिए दो पदाधिकारी ऐसे भिड़े कि अनुशासन और मर्यादा दोनों तार-तार हो गई।
पूर्व जिला मंत्री शिवपूजन सविता ने कुर्सी से नहीं उठने पर जिला सह मीडिया प्रभारी डा. विनय सिंह राठौर को भरे मंच पर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों में मारपीट होने लगी। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह अपने पदाधिकारियों के साथ दौड़कर आए और बीचबचाव कर दोनों को अलग किया। कुछ देर बाद विनय सिंह राठौर ने शिवपूजन सविता को चप्पल से पीटना शुरू कर दिया। इससे कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। आखिरकार दोनों को कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया। बाहर निकलने के बाद दोनों फिर भिड़ गए। जिला सह-मीडिया के प्रभारी के कान से खून निकलने लगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कमेटी गठित कर तीन दिन में मांगी जांच रिपोर्ट
घटना के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने इस अनुशासनहीनता पर मंच से ही कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। इसमें क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, जिलाध्यक्ष ग्रामीण उपेन्द्र पासवान, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक राजपूत को शामिल किया गया है। तीन दिन में पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी दोषी होगा, उस पर पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी।
कुर्सी में बैठने को लेकर विवाद हुआ था। अनुशासनहीनता नहीं होनी चाहिए, दोनों पार्टी के कार्यकर्ता हैं। आपस में बात कराकर मामले को खत्म कराया जाएगा।
शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा दक्षिण
कुर्सी पर बैठने के बाद मुझे गाली दी गई और दांत से काटा गया। विनय मुझसे रंजिश मानते हैं। इस मामले में मैंने तहरीर देकर पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
शिवपूजन सविता, पूर्व जिला मंत्री, भाजपा दक्षिण
कुर्सी से जबरन उठाकर विवाद किया गया। मेरे कान का पर्दा फट गया है। संगठन के पदाधिकारियों से शिकायत की है। संगठन इस मामले में फैसला लेगा।
डा. विनय सिंह राठौर, जिला सह मीडिया प्रभारी, भाजपा दक्षिण
यह भी पढ़ें- कानपुर महानगर में जल्द दिखेगी बदलाव की तस्वीर, ‘कानपुर उत्तर’ और ‘कानपुर दक्षिण’ के लिए शासन ने मांगी रिपोर्ट
यह भी पढ़ें- कानपुर में भाजपा नेता के स्वागत में गंगा पुल पर लगा लंबा जाम, रेंगते रहे वाहन
