विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SIR Updates: कानपुर में कम हो गए नौ लाख मतदाता, एसआईआर सूची फाइनल, जवाब न देने वालों के भी कटे नाम

Published: Mon, 06 Apr 2026 06:00 AM (IST)

कानपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) के बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया गया है। अभियान के दौरान 35.38 लाख मतदाताओं की संख्या घटकर 26.36 लाख हो गई।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

HighLights

  1. मतदाता सूची में कटौती, 35.38 लाख से घटकर 26.36 लाख पहुंची संख्या

  2. एसआइआर अभियान में 35.38 लाख मतदाताओं के नाम सूची में थे

  3. 21 हजार मृतक व नोटिस का जवाब नहीं देने वालों के काटे गए नाम

जागरण संवाददाता, कानपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के सभी चरण पूरे होने के बाद निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को अंतिम रूप दे दिया है। अब 10 अप्रैल को मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन किया जाएगा। इस बार के पुनरीक्षण अभियान में जहां एक ओर बड़ी संख्या में मतदाताओं का सत्यापन हुआ, वहीं 21 हजार मतदाता ऐसे भी सामने आए जिनका कोई रिकार्ड या जवाब विभाग को नहीं मिला। साथ ही पिछले विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची के मुकाबले इस बार 9.02 लाख कम मतदाताओं की सूची फाइनल की गई है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार एसआइआर अभियान शुरू होने से पहले जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 35.38 लाख मतदाता पंजीकृत थे। हालांकि गहन सत्यापन, मृतक, स्थानांतरण और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया के बाद यह संख्या घटकर 26.36 लाख रह गई है। इस प्रकार पिछली मतदाता सूची की तुलना में करीब 9.02 लाख मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है।

छह लाख को नोटिस दी गई थी

एसआइआर अभियान के दौरान विभाग ने छह लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस जारी किए थे। इन नोटिसों के माध्यम से मतदाताओं से उनकी जानकारी का सत्यापन मांगा गया था। हालांकि इनमें से 21 हजार मतदाताओं ने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके चलते उनका रिकार्ड मृतक या संदिग्ध मानते हुए सूची से हटाने की कार्रवाई की गई।

10 अप्रैल अंतिम तिथि

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार का पुनरीक्षण अभियान काफी व्यापक और तकनीकी रूप से मजबूत रहा है। बूथ स्तर तक कर्मचारियों ने घर-घर जाकर सत्यापन किया और डिजिटल माध्यमों से भी डेटा का मिलान किया गया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल को किया जाएगा, जिसके बाद भी नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

मतदाता सूची व नोटिस का विवरण

विधानसभा मतदाता संख्या नोटिस संख्या
बिल्हौर 3,22,155 66,498
बिठूर 3,24,295 67,425
कल्याणपुर 2,41,741 59,358
गोविंदनगर 2,39,636 60,685
सीसामऊ 1,99,010 41,170
आर्य नगर 2,03,807 59,305
किदवई नगर 2,50,841 55,667
कानपुर कैंट 2,42,357 65,154
महाराजपुर 3,30,321 82,808
घाटमपुर 2,81,950 51,201
कुल 26,36,113 6,09,271

नोट: यह सभी आंकड़े जिला निर्वाचन विभाग के डेटा पर आधारित हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।