अखिलेश नाक रगड़ें और कहें कि मुरली वाले का मंदिर बनाने में करेंगे मदद: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कानपुर में जागरण विमर्श में कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास पथ पर अग्रसर है, जहां गुंडा-माफिया और दंगे खत्म हो गए हैं।

जागरण विमर्श कार्यक्रम में संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
उप मुख्यमंत्री ने यूपी को विकास पथ पर बताया।
गुंडा-माफिया और दंगे अब पूरी तरह खत्म।
सनातन संस्कृति का उत्थान और कानून व्यवस्था सुदृढ़।
शिवा अवस्थी, कानपुर। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रथम स्वाधीनता संग्राम की गवाह धरा अब विकास पथ पर अग्रसर है। उद्यम, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य व कानून व्यवस्था सृदृढ़ हुई है। जो कमियां हैं, जिन्हें ठीक कर रहे हैं। 2017 से पहले और आज के कानपुर व उत्तर प्रदेश को देखिए।
उत्तर प्रदेश से सनातन की पताका दुनिया में फहरा रही है। पहले मुख्यमंत्री आवास में रोजा-इफ्तार होता था, अब बेटियों के पांव धुल पूजा की जा रही है। पहले युवा 31 दिसंबर को गोवा जाते थे, अब काशी-अयोध्या जा रहे हैं। माता विंध्यवासिनी का कारिडोर, 500 साल के संघर्ष के बाद अयोध्या में भव्य मंदिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2014 में देश की कुर्सी संभालने के बाद बना।
उधर मुरली वाले मचल रहे हैं कि मुरली बजाएं व उनका भी भव्य मंदिर बने, भाजपा सरकार इसके लिए तत्पर है। कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दे रही है, क्योंकि इन्होंने तो वोट के चक्कर में राम के उत्तर प्रदेश में पैदा होने से ही इन्कार कर दिया।
अटल जी से कानपुर का पुराना रिश्ता बताते हुए हुए इंडोनेशिया में रामलीला के मंचन की कहानी याद दिलाई और कहा कि वहां के मुस्लिम राष्ट्राध्यक्ष ने कहा था कि राम हमारे पूर्वज हैं, जबकि यहां वोट के लिए तुष्टीकरण की राजनीति की जा रही है।
गुरुवार को आर्य नगर स्थित द स्पोर्ट्स हब में जागरण विमर्श का पूर्वाह्न 11:30 बजे मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन करने के बाद उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गुंडा-माफिया दुम दबाकर भाग चुके हैं या फिर सरसैयाघाट अथवा जहन्नुम में हैं। दंगा खत्म हो गए हैं। पूर्ववर्ती सपा सरकार में हर गली-मोहल्ले में दो गुंडे थे, माफिया एक गाड़ी में 10-10 बंदूकें भरकर चलते थे।
हत्या-लूट, दुष्कर्म व डकैती खुलेआम होते थे। सपा-कांग्रेस शासनकाल की अराजकता याद दिलाते हुए कहा कि बेटियां-माताएं शाम को घर से बाहर निकलने से डरती थीं, विश्वास न हो तो दैनिक जागरण के समाचार 2012 से 2017 के बीच के आर्काइव कर लीजिए।
पहले हर सड़क टूटी थी, अब देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे बनाने व 75 प्रतिशत सड़कें टू-लेन करने में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। अंग्रेजों के विरुद्ध डटकर खड़े रहे दैनिक जागरण ने देश में बदलाव का हर दौर देखा है।
उन्होंने कहा कि पहले बिजली सैफई या रामपुर जाती थी, अब 24 घंटे मिल रही है। भाजपा सरकार ने नकल माफिया की कमर तोड़ दी। पाक परस्त आतंकियों ने कानपुर की बेटी का सिंदूर उजाड़ा तो हमने लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल से आतंकियों के घर में घुसकर मारा।
सपा चुनावी मौसम आते ही पीडीए व जाति की बात करती है। फिर दागा कि अखिलेश बताएं कि सपा ने अपने चार शासनकाल में क्या किया और उत्तर भी दिया कि वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया। भाजपा ने एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी), एक जिला-एक व्यंजन (ओडीओसी) व एक जिला-एक कला दिया। प्रदेश में हवाई अड्डों से लेकर विकास कार्यों समेत उपलब्धियां गिनाईं।
कहा-अखिलेश अयोध्या जाएं पर कारसेवकों पर गोली चलाने को लेकर रामलला व जनता से माफी मांगें। प्रभु के चरणों में नाक रगड़ें व मुरली वाले का मंदिर बनाने में सहयोग करेंगे यह कहें, तभी जनता शायद माफ करे।कानपुर की आवाज दुनिया में जाती है, इसलिए आप ठान लोगे तो प्रदेश में जाति पर वोट मांगने वाले सपा-कांग्रेस समेत सभी दलों को उनकी हैसियत पता चल जाएगी।
विमर्श में अलग-अलग छह सत्रों में कानपुर की दिशा-दशा व चुनौतियां, औद्योगिक विकास-संभावना व वास्तविकता, मुद्दे-आवश्यकताएं और समाधान, शैक्षिक उन्नयन और अवसर के साथ एमएसएमई और कारोबार ने उम्मीदों और भविष्य के संकल्पों को उड़ान दी। कानपुर-विकास का विजन सत्र में प्रश्नोत्तरी के बीच नए कीर्तिमान गढ़ने की ललक लिए सब आगे बढ़े।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।