बिल्हौर में बसपा राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की जनसभा, प्रत्याशी की घोषणा पर टिकी निगाहें
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आज बिल्हौर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां बिल्हौर सीट के प्रत्याशी की घोषणा होने की संभावना है। इस कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और 50 हजार से अधिक समर्थकों के पहुंचने का अनुमान है।

HighLights
रामसहाय इंटर कालेज में दोपहर 10 बजे होगा कार्यक्रम, हजारों समर्थकों के पहुंचने का पार्टी ने जताया अनुमान
जनसभा के लिए पार्टी ने सात जोन में बांटी जिम्मेदारी, गांव-गांव जनसंपर्क किया पदाधिकारियों ने
जागरण संवाददाता, कानपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) बिल्हौर सुरक्षित सीट पर संगठन को सक्रिय करने में जुटी है। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार को शिवराजपुर के बैरी स्थित राम सहाय इंटर कालेज में जनसभा करेंगे। दोपहर 12 बजे से प्रस्तावित इस कार्यक्रम को लेकर पिछले 10 दिनों से तैयारियां चल रही हैं।
पार्टी पदाधिकारियों ने 50 हजार से अधिक समर्थकों के पहुंचने का अनुमान जताया है। जनसभा में आकाश आनंद के संबोधन के साथ बिल्हौर सीट के प्रत्याशी की घोषणा भी होनी है, हालांकि पार्टी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बसपा ने इस बार बिल्हौर सीट पर संगठन और कैडर वोट को एकजुट करने पर विशेष जोर दिया है। पार्टी यहां दो बार विधायक बनाने में सफल रही थी, लेकिन वर्ष 2022 के चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा था। इस बार क्षेत्रीय प्रत्याशी उतारने की मांग के बीच पूर्व जिला पंचायत सदस्य अवधेश कोरी को विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार के मुताबिक, जनसभा में मुख्य रूप से बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया गया है। पिछले 10 दिनों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। विधानसभा प्रभारी अवधेश कोरी ने बताया कि कार्यक्रम की जिम्मेदारी सात जोन में बांटकर पदाधिकारियों को सौंपी गई है। गांव स्तर पर जनसंपर्क के साथ समर्थकों को सभा स्थल तक लाने के लिए दो हजार ट्रैक्टर लगाए गए हैं।
150 गुणा 300 फीट का पंडाल
जनसभा के लिए मैदान में 150 फीट चौड़ा और 300 फीट लंबा वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। मुख्य अतिथि के लिए अलग मंच बनाया गया है, जबकि जिला और मंडल पदाधिकारियों के बैठने की अलग व्यवस्था रहेगी। शनिवार को मंडल कोआर्डिनेटर नौशाद खां ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने 50 हजार से अधिक समर्थकों के पहुंचने का अनुमान जताया।
2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने इसी मैदान में जनसभा की थी
राम सहाय इंटर कालेज का मैदान बसपा की पुरानी चुनावी यादों से भी जुड़ा है। फरवरी 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने इसी मैदान में जनसभा की थी। उस दौरान उन्होंने बिल्हौर सीट से कमलेश दिवाकर को प्रत्याशी घोषित किया था। अब करीब 14 साल बाद इसी स्थान पर आकाश आनंद की जनसभा होने जा रही है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं की निगाहें उनके संबोधन और संभावित प्रत्याशी की घोषणा पर टिकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।