कानपुर सेंट्रल स्टेशन से गुजरने वाली 4 ट्रेनें प्रभावित, 2 दिन असारवा एक्सप्रेस भी आंशिक रद
गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर नान इंटरलाकिंग कार्य के कारण कानपुर सेंट्रल से गुजरने वाली चार ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं। ...और पढ़ें

HighLights
गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर एनआइ कार्य से चार ट्रेनें डायवर्ट
डायवर्टेड ट्रेनों का सीवान, गोरखपुर, बस्ती में ठहराव निरस्त
असारवा एक्सप्रेस कुछ तिथियों पर आंशिक रूप से रद्द रहेगी
जागरण संवाददाता, कानपुर। गोरखपुर-गोंडा रेलखंड में आटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के लिए नान इंटरलाकिंग (एनआइ) कार्य के चलते कानपुर सेंट्रल से गुजरने वाली चार ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। शनिवार को बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली तथा नई दिल्ली से दरभंगा और बरौनी जाने वाली ट्रेनें गोरखपुर की जगह छपरा–औंड़िहार–बनारस–प्रयागराज जंक्शन होते हुए कानपुर सेंट्रल से निकलीं।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 02563 बरौनी–नई दिल्ली स्पेशल शनिवार को छपरा-औंड़िहार-बनारस-प्रयागराज जंक्शन-कानपुर सेंट्रल के परिवर्तित मार्ग से चली। इसके चलते सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग में इसका ठहराव निरस्त रहा।
वहीं ट्रेन नंबर 02569 दरभंगा–नई दिल्ली स्पेशल भी शनिवार को छपरा–औंड़िहार–बनारस–प्रयागराज जंक्शन–कानपुर सेंट्रल के रास्ते चली। इस ट्रेन का भी सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग में ठहराव नहीं था। वहीं 02570 नई दिल्ली–दरभंगा स्पेशल शनिवार को वापसी में कानपुर सेंट्रल–प्रयागराज जंक्शन–बनारस–वाराणसी जंक्शन–औंड़िहार–छपरा के परिवर्तित मार्ग से चलाई गई। इसके कारण सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग का ठहराव निरस्त रहा। दूसरी ओर ट्रेन नंबर 02564 नई दिल्ली–बरौनी स्पेशल भी कानपुर सेंट्रल–प्रयागराज जंक्शन–बनारस–वाराणसी जंक्शन–औंड़िहार–छपरा के रास्ते संचालित हुई।
कल और पांच अक्टूबर को आंशिक रूप से रद रहेगी असारवा एक्सप्रेस
अजमेर मंडल के उदयपुर-हिम्मतनगर खंड के शामलाजी यार्ड में नान-इंटरलाकिंग कार्य के कारण ट्रैफिक ब्लाक लिया जाना है। इस कारण ट्रेन नंबर 01905 कानपुर सेंट्रल-असारवा एक्सप्रेस 28 सितंबर व पांच अक्टूबर को उदयपुर एवं असारवा के मध्य आंशिक रूप से रद रहेगी तथा केवल कानपुर से उदयपुर के बीच संचालित की जाएगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 01906 असारवा-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस 29 सितंबर व छह अक्टूबर को असारवा एवं उदयपुर के मध्य आंशिक रूप से रद रहेगी। यह ट्रेन उदयपुर से कानपुर सेंट्रल के बीच चलेगी।
