UP Police को सैल्यूट....आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी कार में फंसी थीं 5 जिंदगियां, सिपाही दंपती ने राइफल से शीशा तोड़ बचाया
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार डिवाइडर तोड़कर पलट गई, जिसमें पांच लोग फंस गए। वहां से गुजर ...और पढ़ें

हादसे के बाद जान बचाते कांस्टेबल पति अमित तेवतिया व कांस्टेबल अर्चना सिंह। वीडियो ग्रैब
HighLights
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फॉर्च्यूनर कार डिवाइडर तोड़कर पलटी
सिपाही दंपती ने राइफल से शीशे तोड़कर पांच लोगों को बचाया
पुलिस विभाग जल्द ही सिपाही दंपती को सम्मानित करेगा
संवाद सूत्र, तालग्राम(कन्नौज)। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सिपाही दंपती के हौसले का वीडियो सामने आया है। डिवाइडर की फेंसिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में फार्च्यूनर कार पलट गई। तभी वहां से गुजर रहे सिपाही दंपती ने राइफल से शीशे तोड़कर कार सवार पांच लोगों की जान बचाई।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर वर्षा के दौरान तेज रफ्तार फार्च्यूनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर की फेंसिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंचकर पलट गई। हादसे में कार सवार सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह समेत पांच लोग घायल हो गए। रास्ते से गुजर रही महिला कांस्टेबल व उसके पति ने दुर्घटना के बाद कार में फंसे लोगों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला और कंट्रोल रूम को सूचना दी। तीन गंभीर घायलों को तिर्वा स्थित भीमराव रामजी मेडिकल कालेज भेजा गया।
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे फार्च्यूनर कार लेकर जिला सुल्तानपुर के थाना धनपतगंज के गांव पूरे के सीताराम दुबे निवासी विकास यादव पुत्र रामचंद्र यादव लखनऊ से नोएडा की ओर जा रहे थे। कार में सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष 52 वर्षीय ऊषा सिंह पत्नी शिवकुमार सिंह, 25 वर्षीय पुत्र आयुष वर्मा, लखनऊ पुलिस लाइन निवासी 51 वर्षीय हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार व नोएडा निवासी 32 वर्षीय गीतांजलि सिंह सवार थीं।
एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 171 गांव मुसाफिरपुर के पास बारिश के बीच तेज रफ्तार कार पर चालक का नियंत्रण नहीं रहा। ऐसे में अनियंत्रित कार डिवाइडर की करीब 20 मीटर फेंसिंग तोड़ती हुई दूसरी ओर पलट गई। इससे जिला पंचायत अध्यक्ष व चालक समेत सभी पांच लोग घायल हो गए।
इस बीच आशा ज्योति केंद्र कन्नौज में तैनात महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह पति अमित तेवतिया के साथ सौरिख से कन्नौज की ओर जा रही थीं। रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त कार देखकर दोनों तत्काल पहुंचे। राइफल की मदद से कार का शीशा तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह व सेफ्टी वाहन के कर्मचारियों ने राहत कार्य में सहयोग किया। घायल जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह, आयुष वर्मा व अरविंद कुमार को एंबुलेंस से तिर्वा स्थित भीमराव रामजी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। थानाध्यक्ष निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। वहीं ये भी बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग जल्द ही पुलिस दंपती को सम्मानित करेगी।
