'अभी से सपा के लोग धमकी देने लगे कि, हम आएंगे और देख लेंगे'; कन्नौज में बोले पंकज चौधरी
कन्नौज में बिरसा मुंडे जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में पंकज चौधरी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।

पंकज चौधरी
HighLights
पंकज चौधरी ने सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाया।
भाजपा सरकार ने घुमंतू समाज को सम्मान और रोजगार दिया।
बिरसा मुंडे जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। बिरसा मुंडे की जयंती पर शहर के बोर्डिंग मैदान में जनजातीय गौरव दिवस एवं घुमंतू गौरव समागम कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें प्रदेश भर से आए घुमंतू समाज के लोगों की भीड़ जुटी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बिरसा मुंडे की मूर्ति को नमन किया।
इस दौरान कांग्रेस और सपा पर उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सिर्फ अपने परिवारों का भला किया है। केंद्र में अब डबल इंजन की भाजपा सरकार ने घुमंतू सरकार को सम्मान और रोजगार से जोड़ा है। अभी से सपा के लोग धमकी देने लगे हैं कि हम आएंगे और देख लेंगे।
रविवार को बोर्डिंग मैदान में समाज कल्याण राज्यमंत्री व सदर विधायक असीम अरुण की ओर से जनजातीय गौरव दिवस एवं घुमंतू गौरव समागम का आयोजन हुआ। प्रदेश के सभी जनपदों से अपने पारंपरिक पोशाकों में घुमंतू समुदाय के लोग पहुंचे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि मुगलों और ब्रिटिश शासन काल में घुमंतू समुदाय ने जंगलों को घर बनाकर जल-जंगल और प्राकृतिक संपदाओं का संरक्षण किया।
पहले घुमंतू समाज में बच्चा पैदा होते ही उसे अपराधी मान लिया जाता था। आजादी के बाद भी कांग्रेस सरकार ने कभी ध्यान नहीं दिया। वर्ष 2021 में भाजपा की केंद्र सरकार ने पहली बार जनजाति गौरव दिवस मनाया और योजनाओं से समाज का विकास किया। कन्नौज के सांसद ने सिर्फ परिवार का विकास कर तिजोरी भरने का काम किया है।
अभी से सपा के लोग धमकी देकर कहने लगे हैं कि हम आने वाले और देख लेंगे। उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता अब ऐसा बोलने से कह रहे हैं कि उन्हें पार्टी से निकाल दिया जाएगा। काश अगर अपनी सरकार में ऐसे लोगों को समझा लेते तो आज यह दिन न देखना पड़ता।
2017 से पहले सपा सरकार में लूटपाट होती थी। युवा अपने माता-पिता से सरकार के काले कारनामों की जानकारी करें। इंटरनेट मीडिया भी देख सकते कि कितना अपराध चरम पर था। कुछ दिन पूर्व यहां बच्ची से दुष्कर्म हुआ था। अगर भाजपा सरकार न होती, तो वह बाहर होता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।