कन्नौज में आलू की बोआई करते समय खेत से निकली नंदी बाबा की तीन क्विंटल की प्राचीन प्रतिमा, जांच में जुटा पुरातत्व विभाग
कन्नौज के चौराचांदपुर गांव में आलू की बोआई के दौरान खेत से लगभग तीन क्विंटल वजनी नंदी बाबा की प्राचीन प्रतिमा मिली है। पुरातत्व विभाग इसकी जांच कर रहा है, और प्रतिमा को फिलहाल एक मंदिर में सुरक्षित रखा गया है।
-1795251606006_m.webp)
HighLights
कन्नौज में आलू की बोआई के दौरान मिली नंदी प्रतिमा।
लगभग तीन क्विंटल वजनी प्राचीन प्रतिमा खेत से हुई बरामद।
पुरातत्व विभाग कर रहा है प्रतिमा के कालखंड की जांच।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के चौराचांदपुर गांव में आलू की बोआई के दौरान खेत से नंदी बाबा की करीब तीन क्विंटल की प्रतिमा निकली। प्रतिमा को मंदिर में रखवा दिया गया है। सूचना पर पुरातत्व विभाग जांच कर रहा है। गांव निवासी एक व्यक्ति के खेत में शुक्रवार को आलू की बोआई का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन जमीन के अंदर किसी चीज से टकराई। इसके बाद खेत में मौजूद किसानों ने खोदाई शुरू की तो जमीन में दबी नंदी की प्रतिमा दिखाई दी।
प्रतिमा को बाहर निकाला गया तो उसे देखने के लिए लोगों का तांता लग गया। बताया जा रहा है कि प्रतिमा का वजन करीब तीन क्विंटल के आसपास बताया गया। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय पदाधिकारी पंकज कुमार कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा को खेत से उठवाकर पास स्थित मंदिर में रखवा दिया। इस बीच विहिप पदाधिकारियों ने खेत में प्राचीन मंदिर या धार्मिक स्थल के अवशेष दबे होने की आशंका जताई।
संगठन ने पुरातत्व विभाग से पूरे खेत की विधिवत जांच और आवश्यकतानुसार खुदाई कराने की मांग की है। सूचना पर पुरातत्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि, प्रतिमा किस कालखंड की है और इसका ऐतिहासिक महत्व क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
विभागीय अधिकारी प्रतिमा की बनावट, पत्थर और शिल्प शैली के आधार पर उसके काल का आकलन कर रहे हैं। सीओ कुलवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई है। अब पुरातत्व विभाग की जांच से ही प्रतिमा के इतिहास का पता चल सकेगा। फिलहाल प्रतिमा को मंदिर में रख दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।