विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में पेयजल परियोजना में देरी, टंकी का निर्माण पूरा न करने पर वीएसए कंपनी पर 4.25 करोड़ का जुर्माना

Published: Tue, 03 Nov 2026 01:58 PM (IST)

कन्नौज में जल निगम ने वीएसए इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स पर 4.25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना जल जीवन ...और पढ़ें

वीलमपुर गांव में अधूरी पड़ी पानी की टंकी। जागरण

वीलमपुर गांव में अधूरी पड़ी पानी की टंकी। जागरण

HighLights

  1. वीएसए इन्फ्रा पर 4.25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा।

  2. जल जीवन मिशन की 57 परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं।

  3. परियोजनाएं पूरी करने की नई समय सीमा मार्च 2027।

जागरण संवाददाता, कन्नौज। जिले में पेयजल संकट को दूर करने और हर घर तक सुचारु रूप से पानी पहुंचाने की मंशा पर कार्यदायी संस्था वीएसए इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स प्रालि कंपनी हैदराबाद को लापरवाही भारी पड़ती नजर आ रही है। तय समय के लगभग दो साल बाद भी काम पूरा न करने के कारण कंपनी पर तीन चरणों में 4.25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही मार्च 2027 तक काम पूरा करने के लिए समय सीमा बढ़ा दी गई है। यदि इसके बाद भी काम पूरा न हुआ तो प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

जल जीवन मिशन के फेस-2'' प्रोजेक्ट के तहत कार्यदायी संस्था वीएसए इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स प्रालि. कंपनी हैदाराबाद (तेलंगाना) को दिसंबर 2024 तक करीब 425 करोड़ रुपये की लागत वाली 128 परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा करते हुए जलापूर्ति शुरू करने के निर्देश अनुबंध शर्तों के तहत दिए गए थे। लेकिन जिले में इनमें से केवल 64 परियोजनाएं ही अभी तक पूरी हो सकी हैं। 57 परियोजना का कार्य आज भी आधा अधूरा है। इससे स्थानीय लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।


सात परियोजनाओं पर पानी की टंकी का निर्माण न हो पाने की स्थिति में सीधे नलकूप से ही पानी की आपूर्ति दी जा रही है। इसी सब के कारण नोडल निर्माण इकाई जलनिगम ग्रामीण ने कंपनी को पूर्व में कई नोटिस जारी कर कार्यप्रणाली में सुधार करने की हिदायत दी। इसके बाद भी सुधार न होने पर जलनिगम ने कंपनी पर परियोजना लागत का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। जो करीब 4.25 करोड़ रुपये है। हालांकि, परियोजनाओं की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए जलनिगम ने कंपनी को मार्च 2027 तक हर हाल में सभी शेष कार्य पूर्ण करने के लिए अंतिम मौका दिया है।

कार्यदायी कंपनी तय समय में काम न पूरा करने के कारण जुर्माना लगाया गया है। भारत सरकार की तरफ से मार्च 2027 तक का समय और दिया गया है। यदि इसके बाद भी काम पूरा नहीं होता है तो आगे प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
अशोक कुमार राव, अधिशासी अभियंता जलनिगम ग्रामीण


2024 में कार्य पूर्ण करने के लिए कोई अनुबंध नहीं था। 2027 तक कार्य पूर्ण करने की गाइड लाइन भारत सरकार से आई है। काम को तय समय में पूरा करने के लिए कंपनी लगातार काम कर रही है। जिसकी रिपोर्ट मंत्रालय और विभाग को दी जाती है। -
विवेक त्रिपाठी, मिशन प्रबंधक, वीएसए इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स प्रालि


18 माह से लंबित एनओसी


छिबरामऊ क्षेत्र में एक ग्राम पंचायत में पानी की टंकी का निर्माण किया गया है। इस पानी की टंकी काे दूसरे गांव से जोड़ना है। इससे पहले यूपीडा से एनओसी लेनी है। करीब 18 माह से एनओसी नहीं मिल पा रही है। इससे कार्य लंबित पड़ा है।

2.69 कनेक्शन देना का दावा


शासन ने दो लाख 74 हजार 534 कनेक्शन करने का लक्ष्य दिया है। दावा है कि दो लाख 69 हजार 262 का कनेक्शन हो चुका है। हालांकि जिले की प्रगति कनेक्शन करने की 98 प्रतिशत आई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।