कन्नौज में 28-29 नवंबर को बूथ पर मिलेंगे बीएलओ, छूटे हुए पात्र वोटरों का होगा रजिस्ट्रेशन
कन्नौज में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने का अभियान चलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कन्नौज में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान 2027 शुरू होगा।
युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बीएलओ 28-29 नवंबर को बूथों पर पंजीकरण करेंगे।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसमें विशेषकर युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर दिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विकास चंद्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत हरमीक सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार, ईओ, अधिशासी अभियंता जल निगम, बीएसए संदीप कुमार, एआर कोऑपरेटिव उदय शंकर, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार गोंड और सभी बीडीओ को पत्र भेजा गया है।
निर्देश के अनुसार 25 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक सभी बीएलओ अपने मतदेय स्थलों पर भ्रमणशील रहेंगे। इस दौरान वे घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं से संपर्क करेंगे और उनका पंजीकरण कराएंगे।वहीं 28 व 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान के तहत बीएलओ बूथ पर रहकर कार्य करेंगे।
दोनों दिन बीएलओ पूर्वाह्न 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक अपने मतदेय स्थल पर मौजूद रहेंगे। वहां अधिक से अधिक संख्या में फार्म-6 भरवाकर बीएलओ एप से डिजिटाइज किया जाएगा।
निर्देश में कहा गया है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही/निष्क्रियता क्षम्य नहीं होगी। जिन विभागों के भवनों में मतदेय स्थल स्थापित हैं, उन्हें समय से खुलवाया जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाताओं को असुविधा न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।