गोंडा में 74.89 लाख रुपये से बनेंगी 10 इंटरलॉकिंग सड़कें, चार महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
गोंडा के ग्रामीण इलाकों में विधायक विकास निधि से 74.89 लाख रुपये की लागत से दस इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
विधायक निधि से गोंडा में 74.89 लाख की 10 सड़कें।
कर्नलगंज के ग्रामीण इलाकों में बेहतर आवागमन के लिए निर्माण।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने चार माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य।
संवाद सूत्र, कर्नलगंज (गोंडा)। विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन बेहतर बनाने के लिए विधायक विकास निधि से 74.89 लाख रुपये की लागत से दस इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (प्रखंड गोंडा) ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
निर्माण चार माह में पूरा करने का लक्ष्य है। विभाग के अधिशासी अभियंता लालजी सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित परियोजनाओं के तहत गांवों को जोड़ा जाएगा।
नारायनपुर मर्दन के तलाबपुरवा में काली माता मंदिर से राम औतार जायसवाल के घर तक 6.24 लाख रुपये, ढेमा चकपुर में संपर्क मार्ग से फूलचंद वर्मा के घर तक 5.82 लाख रुपये और सोमाकली महरुदवा में जगदंबा शुक्ल के घर से जगदीश शुक्ल के घर तक 11.39 लाख रुपये की लागत से सड़क बनेगी।
रामपुर, नंदौर नौशहरा, नारायनपुर माझा, नकहरा, शाहपुर, रक्सड़िया और राजापुर में भी निर्माण प्रस्तावित है। इनमें नकहरा की सड़क के लिए सबसे अधिक 15.11 लाख रुपये, जबकि शाहपुर में काम के लिए सबसे कम 2.65 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
विभाग के अनुसार, सभी दस सड़कों के निर्माण और मरम्मत से जुड़ी औपचारिकताएं शुरू हो गई हैं। निर्धारित चार माह में काम पूरा कर सड़कों को जनता को समर्पित किया जाएगा।