विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में घूरा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई दो डीसीएम, दारोगा सहित नौ घायल

Published: Tue, 06 Oct 2026 12:52 AM (GMT+05:30)

कन्नौज में गाजियाबाद-कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर दो डीसीएम ट्रकों की टक्कर से नौ लोग घायल हो गए। पहले एक डीसीएम ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. कन्नौज हाईवे पर दो डीसीएम ट्रकों की भीषण टक्कर हुई।

  2. हादसे में दारोगा, दो कांस्टेबल समेत कुल नौ घायल हुए।

  3. पांच गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।

संवाद सहयोगी, छिबरामऊ। गाजियाबाद कानपुर ग्रीन फील्ड हाईवे पर मैदा मिल के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने घूरा लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। पिता पुत्र घायल हो गए। पुलिस क्षतिग्रस्त डीसीएम को हटवा रही थी। इस बीच दूसरी डीसीएम की टक्कर से दारोगा व दो कांस्टेबल सहित नौ लोग घायल हो गए।

सभी को नगला दिलू स्थित 100 शैया अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दारोगा सहित पांच को रेफर कर दिया गया। थाना विशुनगढ़ के गांव बरुआ सबलपुर निवासी 48 वर्षीय अखिलेश यादव पुत्र अजब सिंह यादव खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं।

सोमवार रात 10 बजे करीब वह 10 वर्षीय बेटे शिवा के साथ ट्रैक्टर ट्राली से घूरा लादकर खेत की ओर जा रहे थे। गाजियाबाद कानपुर ग्रीनफील्ड हाइवे पर मैदा मिल के पास बेबर की तरफ से पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

इससे ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इससे ट्रैक्टर पर बैठे पिता पुत्र दोनों हाइवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। इस बीच कोतवाली छिबरामऊ से 52 वर्षीय उपनिरीक्षक खुर्शीद अहमद पुत्र कमरुद्दीन, 25 वर्षीय कांस्टेबल निर्दोष पुत्र राजकमल व 25 वर्षीय कांस्टेबल करण यादव पुत्र राकेश यादव पहुंचे।

इसके अलावा गांव सबलपुर निवासी 60 वर्षीय शिव प्रकाश पुत्र सामंत सिंह व 28 वर्षीय आशीष पुत्र शिव प्रकाश, प्रेमपुर निवासी 22 वर्षीय पवन पुत्र चंद्रप्रकाश व 34 वर्षीय लखन पुत्र चंद्रप्रकाश भी पहुंच गए। सभी ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नगला दिलू स्थित 100 शैया अस्पताल के लिए भेजा।

वहीं पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से बीच हाईवे पर‌ पड़ी ट्रैक्टर ट्राली को हटवाने का प्रयास कर रही थी। तभी बेबर की तरफ से आ रही दूसरी तेज रफ्तार डीसीएम ने क्षतिग्रस्त डीसीएम में टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम के दो टुकड़े हो गए। दारोगा व कांस्टेबल सहित अन्य लोग नीचे दब गए। आवागमन बाधित हो गया।

दारोगा व‌ कांस्टेबल सहित सभी घायलों को नगला दिलू स्थित 100 शैया अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दारोगा सहित पांच लोगों को तिर्वा स्थित भीमराव रामजी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। करीब एक घंटे बाद आवागमन बहाल कराया जा सका। प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि डीसीएम की टक्कर‌ से ट्रैक्टर ट्राली पलटी थी। इसके बाद दूसरी डीसीएम ने टक्कर मार दी। दारोगा सहित घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

यह भी पढ़ें- कन्नौज में पक्षी प्रेम की अनोखी मिसाल: लापता तोते के लिए मालिक ने लगाए होर्डिंग, खोजने पर 50 हजार और खबर देने पर 10 हजार इनाम