विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में सीडीपीओ पर रिश्वत मांगने का आरोप, डीएम ने दिए एफआईआर के आदेश

Published: Sat, 07 Nov 2026 10:55 PM (IST)

कन्नौज में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सीडीपीओ पर नौकरी के लिए 1.20 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया, जिसके बाद ...और पढ़ें

संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनते डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व एएसपी अजय कुमार। जागरण

संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनते डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व एएसपी अजय कुमार। जागरण

HighLights

  1. डीएम ने सीडीपीओ के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए।

  2. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने 1.20 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया।

  3. संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत पर हुई त्वरित कार्रवाई।

संवाद सहयोगी, छिबरामऊ(कन्नौज)। तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सीडीपीओ पर एक लाख बीस हजार रुपये मांगने के आरोप लगाए। जिस पर डीएम ने सीडीपीओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं सीडीपीओ ने आरोपों को बेबुनियाद और फर्जी बताया है।


तहसील छिबरामऊ के सभागार में शनिवार को डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व एएसपी अजय कुमार संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुन रहे थे। इस बीच गांव असलताबाद निवासी निकेता अपने पति योगेंद्र शाक्य के साथ डीएम के पास पहुंची। उन्होंने बताया कि तीन नवंबर को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में ज्वाइन किया है। अभी तक उन्हें कोई भी काम नहीं दिया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सीडीपीओ रमाकांती उसकी नौकरी के संबंध में 1.20 लाख रुपये की मांग कर रही हैं। इसको लेकर सीडीपीओ के पति की मोबाइल फोन से वार्ता की एक रिकार्डिंग डीएम को सुनाई। इसमें रुपये मांगे जाने की चर्चा होने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया।


डीपीओ को पीड़िता से तहरीर लिखवा कर सीडीपीओ के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए। डीएम ने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, पूर्ति विभाग को खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण कराने, आतिशबाजी की दुकानों के बाहर पानी के टैंकर खड़े कराने के निर्देश दिए।वहीं सीडीपीओ रमाकांती ने बताया कि उनके पति उनकी नौकरी में इन्वाल्व नहीं होते हैं। रुपये मांगने का प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री की ज्वाइनिंग पांच नवंबर को हुई है। उन्होंने दीपावली के बाद 16 नवंबर को चार्ज दिलाने की बात कही थी। षड्यंत्र के तहत रुपये मांगने का फर्जी व बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी व प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप ने बताया कि शिकायतकर्ता को थाने जाकर तहरीर देने के लिए कहा गया है। इस दौरान एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, तहसीलदार अभिनव कुमार, सीओ मयंक मिश्रा व नायब तहसीलदार रामप्रकाश आदि मौजूद रहे।


113 शिकायतें आईं, निस्तारण शून्य

संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व की 43, पुलिस की 45, विकास की 11, आपूर्ति की चार, चकबंदी व डीपीआरओ की तीन-तीन, विद्युत, नगर पालिका, डीपीओ व एलडीएम की एक-एक समेत 113 शिकायतें आईं। हांलाकि किसी भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका।

 

नजराना न देने पर आंगनबाड़ी चयन सूची में बदल गया नाम

शनिवार को तिर्वा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सीडीओ राजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान 73 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराई। इसमें से सात शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। तभी उमर्दा चौकी के मिरुअन मड़हा गांव निवासी साधना पत्नी गुलाब सिंह ने शिकायत करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र कुढ़िना में आवेदन किया था। मेरिट सूची के आधार पर प्राथमिकता से चयन हुआ। इससे कार्यालय बुलाकर सीडीपीओ ने बात की। वहीं पर मौजूद सीडीपीओ के चहेते लोगों ने रुपयों की डिमांड कर दी।

आर्थिक स्थिति खराब होने से रुपये देने से इन्कार कर दिया। इससे सूची को बदल दिया गया और चयन दूसरे गांव की महिला का कर दिया गया। शिकायत को लेकर सीडीओ ने जांच कराने के आदेश दिए। अन्य शिकायतों को संबंधित विभाग के सिपुर्द कर दिया गया। मौके पर सात शिकायतों का निस्तारण हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।