कन्नौज में दिवाली पर 11 जगहों पर बिकेंगे पटाखे, रात 8 से 10 बजे तक रहेगी आतिशबाजी की छूट
कन्नौज में इस दीपावली पर तीन दिन तक पटाखों की बिक्री होगी, जिसके लिए 11 स्थानों पर अस्थायी बाजार लगाए जाएंगे।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
दीपावली पर तीन दिन तक होगी पटाखों की बिक्री।
जिलेभर में 11 अस्थायी पटाखा बाजार स्थापित किए जाएंगे।
रात 8 से 10 बजे तक ही आतिशबाजी की अनुमति।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। इस बार दीपावली पर तीन दिन तक पटाखों की बिक्री होगी। इसके लिए अस्थायी लाइसेंस जारी होने लगे हैं। जिलेभर में 11 स्थानों पर अस्थायी पटाखा बाजार लगाए जाएंगे। प्रशासन ने इस बार शाम आठ बजे से रात 10 बजे तक ही आतिशबाजी की छूट दी है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने छह से आठ नवंबर तक अस्थायी पटाखा बाजार लगाने की अनुमति दी है। जिला मुख्यालय पर बोर्डिंग मैदान, जलालाबाद में तिवारी इंटर कॉलेज मैदान, छिबरामऊ में करैया तालाब, गुरसहायगंज में मझपुर्वा को जाने वाले मार्ग पर, तालग्राम में रामलीला मैदान, सौरिख रामलीला मैदान और विशुनगढ़ में भी रामलीला मैदान में पटाखा बाजार लगेगा।
वहीं तिर्वा में डीएन इंटर कॉलेज मैदान, रामलीला मैदान हसेरन, नहरकोठी इंदरगढ़ और ठठिया में आदर्श इंटर कालेज के सामने मैदान में बाजार लगेगा।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मानकों के अनुसार पटाखा बिक्री के लाइसेंस जारी किए जाएंगे। शाम आठ बजे से रात 10 बजे तक ही आतिशबाजी की अनुमति रहेगी। अवैध ढंग से पटाख बिक्री करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।