कन्नौज में THAR ने बाइक सवार चार दोस्तों को रौंदा, 3 की मौत; एक गंभीर हालत में कानपुर रेफर
कन्नौज के इंदरगढ़ में सोमवार देर रात एक वाहन ने बाइक सवार चार दोस्तों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत।
HighLights
इंदरगढ़ में वाहन ने बाइक सवार चार दोस्तों को रौंदा।
हादसे में विजय, मनीष और वेदराम की मौके पर मौत।
घायल आशीष को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। इंदरगढ़ में सोमवार देर रात वाहन ने बाइक सवार चार दोस्तों को रौंद दिया, जिसमें तीन की मौत हो गई। वाहन थार कार बताई जा रही है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
आगौस गांव निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार अपनी बाइक से गांव के ही दोस्त 28 वर्षीय मनीष कुमार सविता, 45 वर्षीय वेदराम पाल और 30 वर्षीय आशीष कुमार सविता के साथ इंदरगढ़ के विशेनेपुर्वा गांव जा रहे थे।
तभी तिर्वा-इंदरगढ़ के बीच कचाटीपुर गांव के पास सामने से आ रहे किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विजय कुमार, मनीष कुमार व वेदराम पाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष कुमार घायल हो गए।

घायल आशीष को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां पर हालत गंभीर होने से कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना सोमवार की रात 11:30 बजे की है। पुलिस के अमुसर जिस गाड़ी ने टक्कर मारी है, उसका सुराग नहीं लगा है। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।