विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छिबरामऊ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से छात्रा लापता, मां ने बात करने को फोन किया तो पता चला 

Published: Tue, 15 Sep 2026 10:59 PM (IST)

कन्नौज के छिबरामऊ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से कक्षा छह की एक छात्रा लापता हो गई थी, जिसकी ...और पढ़ें

कोतवाली छिबरामऊ में लापता छात्रा के बारे में जानकारी करते प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे (बाएं से दूसरे) व मौजूद बीईओ आनंद दुबे (बाएं), वार्डेन अरुणा शुक्ला (दाएं)। जागरण

कोतवाली छिबरामऊ में लापता छात्रा के बारे में जानकारी करते प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे (बाएं से दूसरे) व मौजूद बीईओ आनंद दुबे (बाएं), वार्डेन अरुणा शुक्ला (दाएं)। जागरण

HighLights

  1. कस्तूरबा गांधी विद्यालय से कक्षा छह की छात्रा लापता हुई

  2. मां के फोन से छात्रा के लापता होने का खुलासा हुआ

  3. छात्रा अपने माता-पिता के पास फतेहगढ़ पहुंच गई थी

संवाद सहयोगी, छिबरामऊ (कन्नौज)। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से कक्षा छह की एक छात्रा लापता हो गई। शिक्षकों सहित स्टाफ को उसकी कोई जानकारी नहीं हुई। मां ने मोबाइल फोन पर बात करने के लिए काल की, तो छात्रा के लापता होने से हलचल मच गई। मंगलवार देर रात वार्डेन, बीईओ व जिला समन्वयक बालिका शिक्षा ने कोतवाली पहुंच कर प्रभारी निरीक्षक को जानकारी दी। हालांकि देर रात तक शिक्षा विभाग के स्थानीय अधिकारी मामले को दबाने में जुटे रहे।

छिबरामऊ में शंकरपुर रोड पर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय संचालित है। मंगलवार को किसी समय इस विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा छह की छात्रा परिसर से बाहर निकल गई। छात्रा के विद्यालय परिसर से बाहर जाने की जानकारी किसी को नहीं हुई। दोपहर करीब 2:36 बालिका से बात करने के लिए उसकी मां का मोबाइल फोन पर काल आया।

वार्डेन ने छात्रा की तलाश की तो वह परिसर में नहीं मिली। उसके इज्जतघर जाने की बात सामने आई। वहां से भी वह लापता थी। इसके बाद हलचल मच गई। गुपचुप तरीके से माता-पिता से संपर्क किया गया। स्थानीय अधिकारी व विद्यालय स्टाफ छात्रा की जानकारी जुटाने में लगा रहा।

रात करीब आठ बजे वार्डेन अरुणा शुक्ला, बीईओ आनंद दुबे व जिला समन्वयक बालिका शिक्षा रोहित तिवारी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे को छात्रा के लापता होने की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि लिखित रूप से शिकायत के बजाय मौखिक रूप से जानकारी दी गई है। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। लापरवाही मिलने पर संबंधित दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में किराए पर रहते स्वजन

कोतवाली में वार्डेन अरुणा शुक्ला ने बताया कि छात्रा कोतवाली गुरसहायगंज के सराय प्रयाग की रहने वाली है। वर्तमान में उसके स्वजन जिला फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में किराए के मकान में रहते हैं। छात्रा विद्यालय से निकलने के बाद फतेहगढ़ में माता-पिता के पास पहुंच गई है। छात्रा की मां विद्यालय में प्रवेश को तैयार नहीं थी। पिता राजेश व बुआ ने प्रवेश कराया था। इसके बाद छात्रा छुट्टी पर चली गई थी। रविवार को पिता विद्यालय छोड़ गए थे।

बाहर जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं

विद्यालय की चहारदीवारी करीब आठ फीट ऊंची है। यह कहीं से टूटी भी नहीं है। अवकाश के समय विद्यालय के प्रवेश द्वार पर चौकीदार की ड्यूटी रहती है। ऐसे में वहां से छात्रा के बाहर न जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में ऊंची चहारदीवारी के बावजूद छात्रा के विद्यालय परिसर से बाहर निकल जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।

मामले को दबाया जा रहा

पूरे मामले में खास बात यह है कि वार्डेन अरुणा शुक्ला ने वर्जन में छात्रा के स्वजन के पास पहु़ंचने की बात कही है। लेकिन इसकी पुष्टि बीएसए संदीप कुमार ने नहीं की है। इससे साफ प्रतीत होता है कि मामले को देर रात तक दबाने की कोशिश जारी है।

यह भी पढ़ें- Festival Special Trains का एलान: दीवाली-छठ पर कानपुर से गुजरेंगी ये ट्रेनें; कंफर्म सीट मिलने में होगी आसानी