आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे हादसे पर सियासत, राज्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, गिनाईं एक्सप्रेसवे में तकनीकी खामियां
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के काफिले की दुर्घटना के बाद ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने अखिलेश ...और पढ़ें
HighLights
पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के काफिले की एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना
राज्यमंत्री कैलाश राजपूत ने अखिलेश यादव को ठहराया जिम्मेदार
कन्नौज क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के घुमावदार डिजाइन पर सवाल
जागरण संवाददाता, कन्नौज। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के काफिले में चल रही सुरक्षाकर्मियों की स्कार्पियो के दुर्घटनाग्रस्त होने का मामला सियासी रंग लेने लगा है। घटना को लेकर तिर्वा विधायक, ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने एक्सप्रेसवे की डिजाइन पर सवाल खड़े कर दिए।
उन्होंने कहा, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने तीन विधानसभा क्षेत्रों के अपने लोगों को खुश करने के लिए नादानीपूर्ण निर्णय लिया। कन्नौज क्षेत्र में 22 किमी. एक्सप्रेसवे का निर्माण अधिक कराया, जिसमें अधिक घुमाव होने के कारण अत्यधिक हादसे होते हैं। जब तक यह एक्सप्रेसवे रहेगा, कन्नौज क्षेत्र में हादसे होते रहेंगे।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में ऊर्जा राज्य मंत्री ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि इसका सर्वे करा लिया जाए, कन्नौज जिले में 22 किलोमीटर ज्यादा हाईवे बना है। जो तिर्वा, छिबरामऊ व सदर विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरा है। यहां पूरब से पश्चिम की तरफ बहने वाली ईशन नदी को तीन जगह पर एक्सप्रेसवे ने क्रास किया है।
यह तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को खुश करने के लिए अखिलेश यादव ने नादानीपूर्ण निर्णय लिया। गंगा से आगे लखनऊ की तरफ या कन्नौज से आगे आगरा की तरफ जाने पर इतनी संख्या में दुर्घटनाएं नहीं होती हैं। ज्यादा मोड़ होने के कारण कन्नौज क्षेत्र में हादसे अधिक होते हैं। यह हाईवे जब तक रहेगा इसमें लाखों लोगों की मृत्यु हादसों में होती रहेगी।
राज्यमंत्री ने वीडियो में कहा कि इसमें सुधार का मुद्दा विधानसभा में उठा चुका हूं। व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री के सामने भी मांग रखी है कि सर्वे करा लें, दोनों ओर जमीन अधिग्रहित है। जहां ज्यादा मोड़ हैं वहां सपोर्ट रोड बना कर मार्ग के अधिक मोड़ की समस्या को दूर कराया जाए। अन्यथा इसी प्रकार से हादसे होते रहेंगे, और लाखों लोगों की जान पर संकट मंडराता रहेगा।
