विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी, ‘नामर्द’ कहने पर युवक ने की थी आत्महत्या

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:00 PM (IST)

फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ झांसी न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। उन पर 'राखी का ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी।

  2. 'राखी का इंसाफ' शो में युवक को कहा था 'नामर्द'।

  3. युवक ने अपमानित महसूस कर की थी आत्महत्या।

जागरण संवाददाता, झांसी। फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ झांसी न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। आरोप है कि एक निजी चैनल पर प्रसारित होने वाले 'राखी का इंसाफ' शो में राखी ने झांसी के युवक को नामर्द कह दिया, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली थी।

सिविल जज जुडिशल (एफटीसी सीएडब्लू) अंजली की अदालन ने राखी सावंत व उनकी टीम को गिरफ्तार कर 1 दिसंबर 2026 को न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए हैं। यह मामला प्रेमनगर पुलिस ने वर्ष 2010 में दर्ज किया गया था। न्यायालय में वाद चला, लेकिन राखी पेशी पर भी नहीं आ रही थीं।

घर आने के बाद लक्ष्मण की लगाई थी फांसी

जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) मृदुलकान्त श्रीवास्तव ने बताया कि एक न्यूज चैनल (एनडीटीवी इमेजिंग) पर वर्ष 2010 में ‘राखी का इंसाफ’ कार्यक्रम के दौरान शो की होस्ट राखी सावंत ने झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हँसारी निवासी लक्ष्मण को उसकी पत्नी व परिजनों के सामने अपशब्द कहने के साथ 'नामर्द' कह दिया था। पूरे देश में इस कार्यक्रम का प्रसारण होने के बाद लक्ष्मण ने घर आकर कुछ दिनों बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

राखी सावंत के कार्यक्रम में घरेलू हिंसा की शिकार महिला और उसके पति को आमने-सामने बैठाया जाता था। प्रेमनगर थाना क्षेत्र की हँसारी निवासी अनीता ने इस शो में शामिल होने का आवेदन दिया था। आवेदन मिलने के बाद राखी सावंत के शो में अनीता व उसके पति लक्ष्मण अहिरवार को परिजनों के साथ बुलाया गया था।

आरोप है कि इसी दौरान राखी सावंत ने लक्ष्मण को दो-तीन बार नामर्द कहने के साथ अपशब्द कहे थे। शो समाप्त होने के बाद अनीता और उसका पति लक्ष्मण अपने घर झांसी आ गए। 9 नम्बर 2010 को लक्ष्मण ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

लक्ष्मण अहिरवार के परिजनों ने आरोप लगाया था कि बॉलिवुड अभिनेत्री राखी सावंत ने लक्ष्मण अहिरवार को लाइव टीवी शो में जलील करते हुए उसे नामर्द कहा, जिससे उसकी छवि धूमिल हुई। लोग उसे बदनाम कर रहे है।

इस पर लक्ष्मण अहिरवार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बॉलिवुड अभिनेत्री व उनकी टीम इस प्रकरण में इलाहाबाद उच्च न्यायालय भी गयी थी।

यह है मामला

प्रेमनगर पुलिस ने बॉलिवुड अभिनेत्री राखी सावंत समेत उनकी टीम के खिलाफ अपराध संख्या 572/2010 धारा 294, 500, 501, 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारम्भ कर दी थी। इस मामले की विवेचना प्रेमनगर के बाद थाना सीपरी बाजार को सौंपी गई थी।

पुलिस ने विवेचना करते हुए न्यायालय में राखी सावंत सहित आदि के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल कर दिया था। न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान 16 अक्टूबर 2026 को अदालत ने बॉलिवुड अभिनेत्री राखी सावंत आदि के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर पुलिस को उनकी गिरफ्तारी कर 1 दिसंबर 2026 को न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- शिवा शर्मा हत्याकांड: हत्यारोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य, श्रद्धा समेत तीन के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी

यह भी पढ़ें- 'राखी सावंत के साथ मंच साझा करेंगे राहुल गांधी', DUSU Election Result पर निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर हमला