झांसी में शादी के चार महीने बाद महिला की होटल में हुई मौत, पिता ने बैंक मैनेजर पति पर लगाया हत्या का आरोप
झांसी में शादी के चार महीने बाद एक महिला की होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने ...और पढ़ें
-1792949724503_m.webp)
HighLights
झांसी में शादी के चार महीने बाद महिला की मौत।
पिता ने बैंक मैनेजर पति पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस पति को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, झांसी। चार महीने पहले बैंक मैनेजर के साथ शादी के बंधन में बंधी मुस्कान की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने पति के साथ एक होटल में रूकी थी। वहीं उसके अचेत होने पर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके पिता ने दामाद पर अपनी बेटी का सिर दीवार में मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर जांच में जुटी पुलिस इसे हादसा बता रही है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
परीक्षा की तैयारी के लिए आई थी झांसी
प्रेमनगर निवासी रामजीलाल सिमौलिया की बेटी मुस्कान (27) की शादी 29 जून को मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी नीलेश के साथ हुई थी। मुस्कान की 28 अक्टूबर को रेलवे जूनियर एंजिनियर की परीक्षा निर्धारित थी। परीक्षा की तैयारी के लिए वह 10 अक्टूबर को मायके आ गई थी। पिता ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात 11.30 बजे पति नीलेश भी झांसी आ गया और अगले दिन वह मुस्कान को अपने साथ ले गया।
पिता का आरोप है कि नीलेश उनकी बेटी को गणेश बिहार कॉलनि स्थित अपनी मौसी के घर ले जाने की बात कहकर निकला और ध्यानचन्द स्टेडियम के सामने स्थित एक होटल ले गया। बाद में परिवार को दोनों के होटल में रुकने की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि लगभग 15 दिन पहले ही नीलेश को बैंक मैनेजर पद पर प्रमोशन मिला है।
अस्पताल से फोन पहुंचा तो परिवार के उड़े होश
रविवार दोपहर मुस्कान को अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद परिजनों को फोन से सूचना मिली। परिवार के लोग अस्पताल पहुँचे तो उन्हें मुस्कान मृत मिली। पिता के अनुसार नीलेश ने बेटी के गिरने की बात बताई, लेकिन उसके सिर पर गम्भीर चोटें थीं। रामजीलाल का आरोप है कि चोटों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेटी की मौत सामान्य हादसे में होने पर सन्देह है। उन्होंने आशंका जताई कि नीलेश ने मुस्कान का मुँह पकड़कर उसका सिर दीवार में पटक दिया, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने इस आरोप की जाँच शुरू करते हुए सीसीटीवी फुटेज चेक किए और दामाद को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मुस्कान को चोट कैसे लगी और होटल के कमरे में वास्तव में क्या हुआ था?
शादी के बाद दूसरी महिलाओं से सम्बन्ध की मिली थी जानकारी
रामजीलाल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उन्हें दामाद नीलेश के दूसरी महिलाओं से सम्बन्ध होने का पता चला था। पिता का यह भी दावा है कि नीलेश की पहले से एक पत्नी थी। उन्होंने कहा कि इन बातों को लेकर मुस्कान परेशान रहती थी और पति के साथ उसका विवाद होता था। रामजीलाल को सन्देह है कि बेटी की मौत के पीछे भी यही विवाद हो सकते हैं। उन्होंने घटना को सुनियोजित बताते हुए नीलेश की भूमिका की गहन जाँच की मांग की है।
होटल के कैमरों में कैद हुआ घटनाक्रम
एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पति-पत्नी एक कर्मचारी के साथ कमरे की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद कमरे की दहलीज पर मुस्कान गिरती हुई भी नजर आ रही है। उसके गिरने के बाद गैलरी में पति और होटल का एक कर्मचारी मुस्कान को सहारे से बाहर की ओर लाते दिख रहे हैं। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पिता की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जाँच की जा रही है। मौत के असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही सामने आएंगे।
