विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी में जमीन बेचकर जुटाई 80 लाख की पूंजी बैंक में फंसी, शाखा प्रबंधक समेत चार पर धोखाधड़ी का केस हुआ दर्ज

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:48 PM (IST)

झांसी में जमीन बेचकर जुटाए गए 80 लाख रुपये पंजाब नेशनल बैंक की नंदनपुरा शाखा में धोखाधड़ी का शिकार हो गए। पुलिस ने शाखा प्रबंधक समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. जमीन बेचकर जुटाए 80 लाख रुपये बैंक में फंसे।

  2. पंजाब नेशनल बैंक की नंदनपुरा शाखा में धोखाधड़ी।

  3. शाखा प्रबंधक सहित चार लोगों पर केस दर्ज।

जागरण संवाददाता, झांसी। परिवार की जरूरतों और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जमीन बेची, और इससे मिली रकम बैंक की बेहतर ब्याज योजना में लगाने का फैसला किया। भरोसा सरकारी बैंक और उसके कर्मचारियों पर था, लेकिन आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर परिवार की 80 लाख रुपये की जमा पूंजी फंस गई।

रकम जमा कराने के बाद न तो बैंक से कोई रसीद मिली और न ही खाते में धनराशि का स्पष्ट हिसाब। शिकायत के बाद पुलिस अधिकारियों की जाँच हुई तो मामला बैंक शाखा प्रबन्धक समेत 4 लोगों तक पहुंच गया। अब रक्सा थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारम्भ कर दी गई है। पूरा मामला पंजाब नैशनल बैंक की नन्दनपुरा शाखा से जुड़ा है।

रक्सा थाना क्षेत्र के गणेशगढ़ निवासी करन सिंह राजपूत ने बताया कि उनके पिता की जमीन बिकने के बाद लगभग 80 लाख रुपये मिले थे। इसमें करन सिंह के हिस्से के 64 लाख और उनके भाई अभिषेक राजपूत के हिस्से के 16 लाख रुपये शामिल थे। परिवार के पास आई इस रकम को सुरक्षित रखने के लिए बैंक में जमा कराने की योजना बनाई गई।

बैंक कर्मचारी ने दिलाया बेहतर ब्याज का भरोसा
आरोप है कि बैंक में कार्यरत मसीहागंज निवासी दीनदयाल अहिरवार ने अपने पुत्र अम्बर और अवधेश के साथ मिलकर परिवार को बेहतर ब्याज दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए पंजाब नैशनल बैंक की नन्दनपुरा शाखा में पैसा जमा कराने की योजना बताई गई।

दीनदयाल ने शाखा प्रबन्धक प्रीतमदास से भी मुलाकात कराई। शाखा प्रबन्धक ने भी फिक्स डिपॉजिट योजना में रुपये जमा कराने पर अच्छा ब्याज मिलने का आश्वासन दिया। बैंक कर्मचारी और प्रबन्धक पर भरोसा करके परिवार ने रकम जमा करानी प्रारम्भ कर दी। करन सिंह राजपूत के अनुसार 17 अप्रैल से 8 अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में लगभग 80 लाख रुपये जमा कराए गए।

इसमें करन सिंह के 64 लाख और उनके भाई अभिषेक के 16 लाख रुपये थे। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद कोई रसीद या जमा सम्बन्धी प्रमाण अथवा रसीद नहीं दी गई। जब परिवार ने जमा धनराशि और ब्याज के बारे में जानकारी माँगी तो उन्हें टालमटोल किया जाने लगा।

रुपये मांगने पर धमकाने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि काफी प्रयास के बाद भी रकम का हिसाब नहीं मिला। मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान दीनदयाल ने 80 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की। इसके बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए। आरोप है कि रुपए वापस मांगने पर दीनदयाल के पुत्रों ने परिवार के लोगों के साथ अभद्रता करते हुए मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने इसे सुनियोजित तरीके से की गई आर्थिक धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस से कार्यवाही की मांग की।

आईजी के आदेश पर हुई जांच के बाद कार्यवाही
पुलिस से सीधी कार्यवाही न होते देख पीड़ित ने आइजी झांसी रेंज से शिकायत की। शिकायत के बाद आइजी आकाश कुलहरी के आदेश पर एसपी (सिटि) प्रीति सिंह ने जाँच की। जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों और सम्बन्धित लोगों की भूमिका की पड़ताल की गई।

जांच में दोषी पाए जाने के बाद एसएसपी विकास कुमार की संस्तुति पर रक्सा पुलिस ने 19 नवम्बर 2026 को बैंक के शाखा प्रबन्धक प्रीतमदास, कर्मचारी दीनदयाल अहिरवार, उसके पुत्र अम्बर व अवधेश को नामजद करते हुए धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया।

यह भी पढ़ें- झांसी: सड़क पर तड़पते युवक को लोडर से लेकर अस्पताल पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री, फिर भी नहीं बची जान

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।