विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी: सड़क पर तड़पते युवक को लोडर से लेकर अस्पताल पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री, फिर भी नहीं बची जान

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:03 PM (GMT+05:30)

झांसी में सड़क हादसे के बाद तड़प रहे एक युवक को पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने अपने काफिले को रोककर अस्पताल पहुंचाया।

13 किमी दूर अस्पताल ले जाने और उपचार के बावजूद युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

13 किमी दूर अस्पताल ले जाने और उपचार के बावजूद युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

HighLights

  1. पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।

  2. झांसी में सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ।

  3. उपचार के बावजूद घायल युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

जागरण संवाददाता, झांसी। सड़क हादसे का शिकार होकर सड़क पर तड़प रहे युवक को देख पूर्व केन्द्रीय मन्त्री प्रदीप जैन आदित्य का काफिला अचानक रुक गया। उन्होंने तत्काल घायल को लोडर में लिटाया और खुद अस्पताल लेकर चल पड़े। जिन्दगी बचाने की उम्मीद में लगभग 13 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुँचे, लेकिन युवक की जान नहीं बच सकी।

हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे टहरौली थाना क्षेत्र में बघेरा गाँव के पास हुआ। गुरसराय के परकोटा मोहल्ला निवासी छोटू कुशवाहा टहरौली तहसील क्षेत्र में एक रेस्ट्रॉण्ट चलाता था। शुक्रवार सुबह वह बाइक से अपनी माँ से मिलने गुरसराय जा रहा था। बघेरा गाँव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गया।

इसी दौरान पूर्व केन्द्रीय मन्त्री प्रदीप जैन "आदित्य" का काफिला वहाँ से निकला। सड़क पर घायल युवक को तड़पता देख पूर्व मन्त्री ने गाड़ी रुकवा दी। आसपास के लोगों की मदद से एक लोडर की व्यवस्था कराई और घायल को उसमें रखा। पूर्व मन्त्री स्वयं लोडर पर सवार होकर घायल को अस्पताल लेकर गए। लगभग 13 किलोमीटर दूर गुरसराय अस्पताल में युवक को भर्ती कराकर उपचार शुरू कराया।

रिफर किया, रास्ते में टूट गई सांसों की डोर

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छोटू की गम्भीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे झाँसी मेडिकल कॉलिज रिफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलिज जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

माँ से मिलने की थी चाह, घर पहुँचने से पहले मौत

छोटू की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। छोटू दो भाई थे। वह अभी अविवाहित था। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता हैं। चचेरे भाई अशोक के अनुसार छोटू ही परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी सम्भाल रहा था। दीपावली के दौरान काम और कमाई के चलते वह घर नहीं जा सका था। त्योहार के बाद शुक्रवार को माँ से मिलने के लिए ही गुरसराय लौट रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा घर पहुँचेगा, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिन्दगी छीन ली।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।