विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी में बड़ा हादसा, सुखनई नदी में डूबने से पिता-पुत्र समेत 5 लोगों की मौत

Published: Tue, 29 Sep 2026 03:59 PM (IST)Updated: Tue, 29 Sep 2026 04:05 PM (IST)

मऊरानीपुर (झांसी) में सुखनई नदी में जल तर्पण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सुखनई नदी में जल तर्पण के दौरान हादसा।

  2. एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत।

  3. अनूप तिवारी और उनके बेटे अर्पित भी शामिल।

जागरण संवाददाता, मऊरानीपुर (झांसी)। सुखनई नदी में मंगलवार को जल तर्पण के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की डूबने से मौत हो गई। मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रानीपुर चौकी अंतर्गत देवरी सिंह पुरा में हुए हादसे में देवरी सिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी, उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, परिवार के ही अभिनव तिवारी (25), श्रेयांश तिवारी (21) और जालौन के हरेदाई निवासी पुष्कर शुक्ला (23) की जान चली गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार देवरी सिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी के चाचा काशी प्रसाद तिवारी का पटा श्राद्ध कार्यक्रम था। मंगलवार को करीब 11:30 बजे अनूप तिवारी अपने बेटे अर्पित, परिवार के ही अभिनव तिवारी, श्रेयांश तिवारी और जालौन के हरेदाई निवासी पुष्कर शुक्ला के साथ सुखनई नदी में पूर्वजों को जल तर्पण करने गए थे। इसी दौरान अचानक अनूप तिवारी का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के गहरे पानी में डूबने लगे।

नदी किनारे पहुंचे ग्रामीण

पुलिस के अनुसार अनूप को नदी में डूबता देख उनके साथ गए अर्पित, अभिनव, श्रेयांश और पुष्कर उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए। अनूप को बचाने के प्रयास में चारों का भी संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पांचों लोग नदी की धार में बहने लगे और पानी में समा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए।

Jhansi me 5 logon ki maut (2)

ग्रामीणों ने अपने स्तर से बचाव का प्रयास किया, लेकिन पांचों का पता नहीं चल सका। हादसे की सूचना मिलते ही मऊरानीपुर एसडीएम, मऊरानीपुर सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया।

यह भी पढ़ें- 308 पहिये, 5 km/h की रफ्तार, यूपी बॉर्डर में दाखिल हुआ वेसल; रास्ता देने के लिए तोड़े जा रहे खंभे और गेट

इसके बाद सभी को मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही देवरी सिंह पुरा समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें- पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर के उत्पीड़न का आरोप खारिज, देवरिया प्रशासन ने भेजी 169 पन्नों की जांच रिपोर्ट

बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।