विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी में एपी एक्सप्रेस से पकड़ी गई 133 किलो चांदी, आगरा से नागपुर ले जा रहे थे ढाई करोड़ की सिल्वर

Published: Mon, 19 Oct 2026 07:10 PM (IST)Updated: Mon, 19 Oct 2026 07:14 PM (IST)

झांसी में रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एपी एक्सप्रेस से 133 किलोग्राम चांदी के आभूषण जब्त ...और पढ़ें

HighLights

  1. एपी एक्सप्रेस से 133 किलो चांदी जब्त।

  2. चांदी की कीमत ढाई करोड़ रुपये आंकी गई।

  3. आगरा से नागपुर ले जाया जा रहा था माल।

जागरण संवाददाता, झांसी। त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम विंग व जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुये एपी एक्सप्रेस से ढाई करोड़ की चांदी के जेवरात बरामद किये हैं।
पकड़े गये माल की कीमत ढाई करोड़ बताई गई है। चार बोरों से 133 किलोग्राम चांदी के आभूषण थे। पकड़ा गया युवक डिलिवरी बॉय है, जो माल को नागपुर ले जाता था।

इसके पहले भी वह कई बार माल नागपुर ले जा चुका है। पकड़ा गया माल आगरा के एक सराफा कारोबारी की फर्म आरके आभूषण का बताया गया है। पुलिस टीमों ने जीएसटी टीम को बुलाकर पूरा माल सुपुर्द कर दिया है। अब जीएसटी पूरे माल का आकलन करने में जुटी हुई है।

आरपीएफ व जीआरपी टीम को सोमवार दोपहर नई दिल्ली से चलकर विशाखापट्टनम जा रही एपी एक्सप्रेस (20806) से बड़े पैमाने पर चांदी तस्करी कर ले जाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्यवाही करते हुये ट्रेन के झांसी पहुंचते ही जनरल कोच में चेकिंग की। इसी बीच जनरल कोच से 4 बोरी देखकर शक हुआ। पुलिस टीम ने मौके से युवक को पकड़ा।

इस दौरान बोरों में चांदी के आभूषण रखे मिले। आभूषण डिब्बों और पन्नी में पैक थे। जांच के दौरान टीम बरामद कर साथ जीआरपी थाने लेकर पहुंची। यहां वजन करने पर 133.17 किलोग्राम चाँदी के आभूषण निकले, जिनकी कीमत ढाई करोड़ बताई गई है।

मौके से पकड़े गये शिवपुरी (मप्र) के थाना अमोला अन्तर्गत मोटिन गांव निवासी नारद तोमर ने बताया कि वह आगरा में रहकर कोरियर का काम करता है। एक फर्म के लिए माल यहां से वहां पहुंवाता है। उसने कई बार चांदी नागपुर ले जाने की बात भी पूछताछ में बताई। जीएसटी टीम को जीआरपी बुलाकर उसका वजन कराने के बाद पूरी चांदी टीम के सुपुर्द कर दी।

कार्यवाही के दौरान क्राइम विंग झांसी के निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षक उमेश कुमार, आरक्षक सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, स्टेशन पोस्ट से निरीक्षक बबलू कुमार, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह यादव, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, संतोष कुमार, दशरथ सिंह, विकास गुर्जर और ग्वालियर पोस्ट के आरक्षक विजय शर्मा और क्राइम विंग ग्वालियर के अंकित कुमार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बस्ती में हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने ली सुधरने की शपथ, थाना प्रमुख ने कहा- फिर पकड़े गए तो खैर नहीं