काली सरकार बाबा झांसी में गिरफ्तार, तीन लाख फॉलोअर्स वाले हिस्ट्रीशीटर को 10 साल से तलाश रही थी पुलिस
हरदोई का हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज, जो मऊरानीपुर के एक मंदिर में काली सरकार बनकर रह रहा था, गिरफ्तार कर लिया गया है।

काली सरकार बाबा को लेकर मेडिकल कराने अस्पताल पहुंची पुलिस।
HighLights
हरदोई का हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज गिरफ्तार।
मऊरानीपुर मंदिर में काली सरकार बनकर रह रहा था।
लूट, मारपीट के मामलों में 10 साल से वांछित था।
जागरण संवाददाता, झांसी। पहचान छिपाकर संत के वेश में मंदिर में रह रहे हरदोई के हिस्ट्रीशीटर और वारंटी प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज को मऊरानीपुर और हरदोई पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मऊरानीपुर क्षेत्र के कुआंगांव स्थित काली सरकार मंदिर में सत्यानन्द शुक्ला उर्फ काली सरकार के नाम से रह रहा था। हरदोई के शहर कोतवाली थाने में दर्ज दो मामलों में न्यायालय से उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी थे।
पुलिस के मुताबिक, वह लम्बे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था और पहचान बदलकर झांसी में रह रहा था। क्षेत्राधिकारी रत्नेश्वर सिंह के अनुसार प्रदीप शुक्ला लगभग 10 साल पहले हरदोई से भागकर झांसी आ गया था। यहां वह अलग-अलग इलाकों में विभिन्न नामों से रहा।
कुछ साल पहले उसने मऊरानीपुर क्षेत्र में सन्त के रूप में अपनी पहचान बना ली और सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार के नाम से दरबार लगाना शुरू कर दिया। उसके दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे। वह लोगों के पर्चे देखकर ज्योतिषीय परामर्श देता था और विभिन्न समस्याओं का समाधान करने का दावा करता था। बीमारियों को ठीक करने के दावे भी किए जाते थे।
फेसबुक पर तीन लाख से अधिक फॉलोअर्स
काली सरकार के नाम से पहचान बनाने के बाद आरोपित सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हो गया। वह फेसबुक पर अपने ज्योतिषीय परामर्श से जुड़ी रील साझा कर लोगों को आकर्षित करता था। उसके 'काली सरकार दरबार' नामक फेसबुक पेज पर तीन लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए गए हैं। मंदिर में उसके दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुँचते थे।
हरदोई में दर्ज हैं दो मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज हरदोई जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के चौहान थोक-पोक का निवासी है। वह हरदोई शहर कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ वर्ष 2014 में लूट के एक मामले में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इसके बाद वर्ष 2018 में उसके खिलाफ मारपीट का एक और मामला दर्ज हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आरोपित के न्यायालय में पेश नहीं होने पर गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। हरदोई पुलिस कई वर्षों से उसकी तलाश कर रही थी।
मंदिर में दबिश देकर किया गिरफ्तार
हरदोई पुलिस को कुछ समय पहले आरोपित के झांसी में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद जांच के दौरान उसके ठिकाने का पता चला। वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 अक्टूबर को मऊरानीपुर थाना पुलिस ने हरदोई कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर कार्यवाही की।
संयुक्त टीम ने मंदिर में दबिश देकर सत्यानन्द शुक्ला उर्फ काली सरकार के नाम से रह रहे प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की गई और आरोपित को हरदोई कोतवाली से आई पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश करने के लिए हरदोई रवाना किया गया।
नवरात्र में नौ दिन के लिए बंद किया था दरबार
नवरात्र के अवसर पर काली सरकार ने सोशल मीडिया पर सूचना जारी कर नौ दिन तक दरबार बंद रखने की जानकारी दी थी। हालांकि, नवरात्र के पहले दिन ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्यवाही के बाद पहचान बदलकर मंदिर में रह रहे आरोपित की असल पहचान सामने आई।
