जौनपुर में 30 जर्जर सड़कों की बदलेगी सूरत, 5.37 करोड़ से होगा सौंदर्यीकरण
जौनपुर के बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में 30 जर्जर संपर्क मार्गों की मरम्मत के लिए 5.37 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। विधायक रमेश चंद्र मिश्र के प्रस्ताव पर टेंडर प्रक्रिया जारी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बदलापुर में 30 जर्जर संपर्क मार्गों की मरम्मत होगी।
मरम्मत कार्य के लिए 5.37 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र के प्रस्ताव पर कार्य शुरू।
जागरण संवाददाता, बदलापुर (जौनपुर)। विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से बदहाल पड़े 30 संपर्क मार्गों की सूरत जल्द बदलने वाली है। इन जर्जर मार्गों के विशेष मरम्मत कार्य के लिए करीब पांच करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र के प्रस्ताव पर स्वीकृत इन कार्यों की टेंडरिंग प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया पूरी होते ही मार्गों की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी।
विधायक ने बताया कि इनमें कई ऐसे मार्ग हैं, जिनका निर्माण पूर्व में जिला पंचायत, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, मंडी समिति सहित अन्य विभागों ने कराया था, लेकिन लंबे समय से इनकी दोबारा मरम्मत नहीं हो सकी थी।
इसके चलते मार्ग पूरी तरह जर्जर हो गए थे और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। इन मार्गों की समस्या को देखते हुए इन्हें लोक निर्माण विभाग में हस्तांतरित कराया गया, ताकि इनके विशेष मरम्मत कार्य का रास्ता साफ हो सके।
होगी विशेष मरम्मत
राजाबाजार से बनकट लोदी संपर्क मार्ग, सिंगरामऊ पुराने एनएच-56 से गुदरनाथ मंदिर होते हुए राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज के सामने तक, कस्तूरीपुर केवट बस्ती संपर्क मार्ग, लमहन संपर्क मार्ग, दुगौली कला संपर्क मार्ग, बेदौली ब्राह्मण बस्ती संपर्क मार्ग, बेलावा में मटरू की दुकान से मोहाना हरिजन बस्ती तक, इब्राहिमपुर-कल्याणपुर मार्ग से मजीठी में शेर बहादुर के घर तक, बक्शा-तेजीबाजार-लोहिंदा मार्ग से विझवट होते हुए प्रतापगढ़ बार्डर तक प्रमुख हैं।
इसी तरह केवटली कला में कासिंग के पास पिच रोड से जयप्रकाश पांडेय के घर तक, मरखापुर से कोल संपर्क मार्ग, बरबसपुर में जयनाथ यादव के घर से सती माता मंदिर तक। इसी प्रकार से अन्य मार्ग भी हैं।
यह भी पढ़ें- मीरजापुर में 36.52 करोड़ से होगा इमलियाचट्टी-अदलहाट मार्ग का होगा चौड़ीकरण, 10 KM लंबा बनेगा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।