एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले जौनपुर के रोहित यादव के घर तक बनी पक्की सड़क, गांव में खुशी की लहर
एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले जौनपुर के भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव के घर तक अब पक्की सड़क बन गई है।
-1794332996072_m.webp)
मीरगंज क्षेत्र के अदारी गांव स्थित पैतृक आवास तक बनी सड़क के पास खड़े एशियन गेम्स में कांस्य पदक विजेता जेवलिन थ्रोअर रोहित यादव साथ में पिता सभाजीत यादव, बड़े भाई राहुल यादव व रोहन यादव
HighLights
रोहित यादव के घर तक एशियन गेम्स पदक के बाद बनी सड़क।
परिवार व ग्रामीणों की वर्षों पुरानी आवागमन समस्या हुई हल।
दैनिक जागरण अभियान व डीएम की पहल से सड़क निर्माण।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने वाले पदकवीर रोहित यादव के घर तक अब पक्की सड़क बनकर तैयार हो गई है। वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे परिवार और ग्रामीणों को इससे बड़ी राहत मिली है। अब रोहित के घर तक पहुंचना आसान हो गया है। बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव के बीच आवागमन की परेशानी भी दूर हो गई है।
मछलीशहर तहसील क्षेत्र के अदारी गांव निवासी भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव ने गत 28 सितंबर को एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश व जनपद का गौरव बढ़ाया है। इसके बावजूद उनके घर तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं थी। परिवार के लोगों के साथ ही गांव के अन्य लोगों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों ने स्वेच्छा से दी अपनी जमीन
इस समस्या को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाते हुए अभियान चलाया था। लगातार तीन दिनों तक खबरों के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया। इसके बाद जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने सड़क निर्माण का भरोसा दिया था।
यह भी पढ़ें- महाकुंभ में दातून बेचकर कमाई हुई थी वायरल, अब जौनपुर में लव मैरिज की दास्तान भी चर्चा में
प्रशासनिक पहल के बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब रोहित के घर तक पक्की सड़क बन गई है। इससे न केवल पदकवीर के परिवार को राहत मिली है, बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी आवागमन सुगम हो गया है। रोहित के घर तक सड़क बनने के लिए कुछ ग्रामीणों ने भी स्वेच्छा से अपनी भूमि दी है।
इस दीपावली दोहरी खुशी मिली है। एक तो देश के लिए कांस्य पदक मिला व दूसरी घर तक सड़क बनी। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने घर तक सड़क बनवाने का भरोसा दिया था, जो पूरा किया। दैनिक जागरण का भी इसमें विशेष योगदान रहा। इस प्रमुख समस्या को सिर्फ उठाया ही नहीं गया, बल्कि समाधान होने तक सिलसिलेवार तरह से प्रकाशन भी किया गया।- रोहित यादव, भाला फेंक खिलाड़ी