जौनपुर में तीन लोगों पर 8 साल की मासूम से गैंगरेप का आरोप, आक्रोशित भीम आर्मी के कार्यकर्ता पहुंचे CO ऑफिस
जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बालिका से कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में भीम आर्मी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय बालिका के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाकर गुरूवार को भीम आर्मी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे और मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की।
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि सोमवार की शाम उनकी पत्नी बेटी के साथ बाजार सब्जी खरीदने जा रही थी। रास्ते में बच्ची पीछे छूट गई। आरोप है कि इसी दौरान गांव के तीन युवकों ने उसे पकड़ लिया और एक निजी अस्पताल में ले जाकर दुष्कर्म किया।
काफी खोजबीन के बाद करीब तीन घंटे बाद बच्ची मिली। परिजनों के अनुसार बच्ची का अंडरवियर फटा हुआ था तथा चेहरे, गर्दन व आंख के नीचे चोट और नाखून के निशान थे।
पीड़ित पिता का आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने के लिए एक आरोपित ने 50 हजार रुपये देकर समझौते का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। उनका कहना है कि चन्दवक थाने में शिकायत के बावजूद पुलिस ने केवल मारपीट का मुकदमा दर्ज कर कोरम पूरा कर लिया।
मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्राधिकारी अजित सिंह चौहान ने पीड़ित पक्ष की बात सुनने के बाद प्रार्थना पत्र को विवेचना में शामिल कर बच्ची को री-मेडिकल के लिए भेज दिया। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
