जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर जाम से मिलेगी मुक्ति, 44 किलोमीटर सड़क का 217 करोड़ से होगा चौड़ीकरण
जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए 44 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को 217 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

HighLights
जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर जाम से मिलेगी मुक्ति।
44 किलोमीटर सड़क के लिए 217 करोड़ मंजूर।
लता मंगेशकर चौराहे से पचहटिया तक फोरलेन।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। शहर की सड़कों पर वाहनों का बढ़ता दबाव और आए दिन लगने वाला जाम लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। खासकर लता मंगेशकर चौराहे से आजमगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर आवागमन के दौरान लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में इस मार्ग के चौड़ीकरण की पहल से राहत की उम्मीद जगी है। जिले में वाजिदपुर लता मंगेशकर तिराहे से पचहटिया तक करीब पौने चार किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण के अलावा मोहम्मदपुर तक 44 किलोमीटर सुदृढ़ीकरण का कार्य भी कराएगा, इसके लिए भी 217 करोड़ मंजूर हो चुका है।
बढ़ाई जाएगी दो-दो मीटर चौड़ाई
जिले में करीब पौने चार किलोमीटर हिस्से का फोरलेन होना अभी बाकी है। यह जाम का अहम कारण है। इतनी दूरी में सड़क दो लेन होने और डिवाइडर न होने से समस्या और बढ़ जाती है। योजना के तहत डिवाइडर के अलावा जिले की सीमा में सड़क के दोनों ओर दो-दो मीटर चौड़ाई बढ़ाई जानी है।
चौड़ीकरण की स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। अगले साल मार्च तक का समय निर्धारित है। इसके बन जाने से खाफी हद तक जाम से राहत मिलेगी। शहर में कई जगहों पर अतिक्रमण हटवाना होगा। इसके लिए जिलाधिकारी को पत्र भी दिया गया है। जौनपुर से आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर जाने का यही मुख्य मार्ग भी है। इस पर वाहनों का भारी दबाव है।
लता मंगेशकर चौराहा पर जाम से जूझते लोग
शहर के यातायात का अहम केंद्र, चौड़ीकरण के साथ अतिक्रमण हटाना भी जरूरी है। वाजिदपुर स्थित लता मंगेशकर तिराहा शहर के प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण स्थल है। यहां से आजमगढ़-वाराणसी और लखनऊ आने-जाने वाले वाहनों के साथ स्थानीय आवागमन का दबाव भी रहता है।
व्यस्त समय में वाहनों की अधिकता और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनती है। ऐसे में चौराहे के आसपास सड़क की वास्तविक चौड़ाई, अतिक्रमण की स्थिति का आकलन कर इसे हटवाना जरूरी है।
अतिक्रमण हटवाने को डीएम को पत्र
अतिक्रमण हटाने के लिए जिलाधिकारी को पत्र दिया गया है। मोहम्मदपुर से जौनपुर तक 44 किमी सड़क में 40 किलोमीटर फोरलेन मार्ग पर कई जगह जर्क है तो कुछ जगह यह टूट चुकी है। पचहटिया से लता मंगेशकर तिराहा तक दो लेन है। बीच-बीच में यह अतिक्रमण की भी चपेट में है। जल्द ही कार्य शुरू होगा।
मार्ग के चौड़ीकरण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से मिलकर आवाज उठाई थी। स्वीकृति मिलने के बाद इसका रास्ता साफ हो गया है। इससे जाम से निजात और सभी को सहूलियत मिलेगी।
-गिरीश चंद्र यादव, मंत्री।
इस सड़क के लिए 217 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसे समय सीमा के अंदर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। पचहटिया से लता मंगेशकर तिराहे तक सड़क फोरलेन होगी। इसी तरह से पचहटिया से आजमगढ़ के मोहम्मपुर तक सड़क दुरुस्त कराई जाएगी।
-पीायूष अग्रवाल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर।
यह भी पढ़ें- खाट पर मरीज ढोने की मजबूरी होगी खत्म, संतकबीर नगर की बखिरा की बस्ती में 30 लाख की लागत से बनेगी सीसी सड़क व पुल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।