जौनपुर में आंगनबाड़ी में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.75 लाख की ठगी, 2 पर केस दर्ज
जौनपुर के मीरगंज में आंगनबाड़ी में नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला से 3 लाख रुपये ठगने और 2.75 लाख रुपये वापस न करने का आरोप लगा है।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, मीरगंज (जौनपुर)। आंगनबाड़ी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 3 लाख रुपये लेने के बाद 2.75 लाख रुपये वापस नहीं करने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस दो आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
बरावां गांव निवासी आरती देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही अमर सिंह व मोहनलाल ने आंगनबाड़ी में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर उससे तीन लाख रुपये लिए। आरोप है कि 21 दिसंबर 2024 को 50 हजार रुपये आनलाइन भुगतान कराया गया। इसके अलावा 1.40 लाख रुपये नकद और 1.10 लाख रुपये की धनराशि नौकरी दिलाने के नाम पर ली गई।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने नौकरी के नाम पर नियुक्ति पत्र भी दिया, जो बाद में फर्जी होने का आरोप लगाया गया। काफी समय तक नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया जाता रहा। मामला बढ़ने पर 25 हजार रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 2.75 लाख रुपये अब तक नहीं लौटाए गए।
थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक भगवान यादव को सौंपी गई है। आगे तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पूर्व कर्मचारी से 40 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर जेल भिजवाने की दी धमकी