यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Atul Subhash Suicide Case: निकिता के घर बेंगलुरु पुलिस ने चस्पा किया नोटिस, तीन दिन में हाजिर होने का दिया समय
Atul Subhash Suicide Case एआई इंजीनियर अतुल सुभाष आत्महत्या प्रकरण में छानबीन के लिए गुरुवार की देर शाम बंगलुरु से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जौनपुर। एआइ इंजीनियर अतुल सुभाष आत्महत्या प्रकरण में छानबीन के लिए गुरुवार की देरशाम बेंगलुरु से आई चार सदस्यीय पुलिस टीम स्थानीय पुलिस को साथ लेकर शुक्रवार की सुबह अपने काम में जुट गई। टीम ने करीब 11 बजे मधारे टोला में (खोवा मंडी) गली स्थित अतुल सुभाष की ससुराल वाले भवन पर नोटिस चस्पा किया।
इसमें तीन में उपस्थित होने के समय दिया है। करीब लगभग आधे घंटे की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गली में दोनों तरफ से लोगों का आना-जाना पूरी तरह रोके रखा। इसके पश्चात टीम मृत अतुल सुभाष की पत्नी निकिता द्वारा दायर दहेज उत्पीड़न व भरण-पोषण संबंधित लंबित मुकदमों के बारे में पड़ताल करने दीवानी न्यायालय पहुंची।
इसे भी पढ़ें-अनुशासनहीनता में सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज ने की कार्रवाई, आठ छात्राएं तीन माह के लिए निलंबित
चस्पा नोटिस में कहा गया है कि बीएनएसएस-2023 की धारा 35 (3) के तहत नोटिस प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आपको सूचित किया जाता है कि विकास कुमार द्वारा अपने भाई अतुल सुभाष की मृत्यु के संबंध में मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन बेंगलुरु शहर कर्नाटक में एफआइआर दर्ज कराई गई थी।

यह पता चला है कि इस मामले की वर्तमान जांच के संबंध में आपसे तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आपसे पूछताछ करने के लिए उचित आधार है। इसलिए आपको इस नोटिस को प्राप्त करने के तीन दिनों के भीतर मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन कडुबीसनहल्ली बेंगलुरु में जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया जाता है। एफआइआर की कापी व शिकायत की प्रति आपकी जानकारी के लिए इस नोटिस के साथ संलग्न है।
इंजीनियर अतुल ने मौत से पहले अपने सुसाइड करने के कारण, कोर्ट के भ्रष्टाचार, उत्पीड़न व एक्सटार्शन की बातों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सुप्रीम कोर्ट को सारी बातें मेल भेजा था। 16 पेज के मेल में उसने लिखा कि जब आप इसे पढ़ रहे होंगे तब मैं मर चुका होऊंगा। इसमें उसने पत्नी सहित कई लोगों का जिक्र किया है। यह भी लिखा है कि मैं न तो तुम्हारे भ्रष्टाचार के लिए रिश्वत दूंगा और न ही अपने बूढ़े माता-पिता, भाई और खुद के खिलाफ इस युद्ध को अपने ही पैसों से बढ़ावा दूंगा। मेरी मौत के साथ ही तुम्हारे लूट के मंसूबों पर पानी फिर जाएगा।
उसने आशा किया है कि उसकी मौत के बाद कोर्ट उसके बूढ़े बाबा और भाई को फर्जी केसों में प्रताड़ित नहीं करेगी, क्योंकि वह स्वयं अपने पैसे के स्रोत को नष्ट कर दे रहा है। न्यायालय पर भी कई आरोप लगाए हैं। उसने लिखा है कि अगर आप न्यायिक सिस्टम को बदलना चाहते हैं तो पालिटिक्स ज्वाइन करिए।
इसे भी पढ़ें- मीरगंज के सहजना गांव में दो युवकों के घर पहुंची NIA और ATS, टेरर फंडिंग की आशंका
जौनपुर : आंबेडकर प्रतिमा के पास खड़े होकर इंजीनियर अतुल सुभाष को न्याय की मांग को लेकर विरोध जताते टीडी कालेज विधि के छात्र । जागरण
इंसाफ के लिए छात्रों ने उठाई मांग
बेंगलुरु स्थित निजी कंपनी के उप महाप्रबंधक अतुल सुभाष के खुदकुशी मामले में लोगों गम के साथ गुस्सा भी है। गुरुवार की शाम टीडी कालेज के छात्र प्रज्ज्वल तिवारी के नेतृत्व में अतुल को न्याय दिलाने की मांग छात्रों ने की। इस दौरान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। छात्रों ने इस मामले में न्याय की मांग की। कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है, जिस पर जांच आवश्यक है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई बिना मृतक की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी।

