जालौन में तेज रफ्तार बाइकों में भिड़ंत, दो युवकों की मौत; दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल
उरई-जालौन मार्ग पर बोहदपुरा के पास बुधवार रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं।

सड़क हादसे में युवक की मौत।
HighLights
बोहदपुरा के पास उरई-जालौन मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर।
हादसे में रामकुमार और जितेंद्र नामक दो युवकों की मौत।
तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनने से हुआ यह भीषण हादसा।
जागरण संवाददाता, उरई। सदर कोतवाली के उरई-जालौन मार्ग पर बुधवार रात करीब दस बजे बोहदपुरा गांव स्थित पेट्रोल टंकी से ईधन भरा कर रोड पर आए बाइक सवार को जालौन की ओर करीब 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जा रहे बाइक चालक ने टक्कर मार दी।
हेलमेट न लगाए होने से दोनों चालकों के सिर में गंभीर चोट आ गई। वहीं पीछे बैठीं दो महिलाएं भी घायल हो गईं। पुलिस व राहगीरों की मदद से चारों घायलों को उरई मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।
यहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, दूसरे को झांसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया जहां गुरुवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों महिलाओं का उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया।
डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐर निवासी 34 वर्षीय रामकुमार उर्फ वीरू भाइया दूज पर पत्नी रश्मि को लेकर उसके मायके ग्राम शहजादपुरा गया था। वहां देर शाम दोनों घर के लिए निकले तो रास्ते में उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया।
रामकुमार बोहदपुरा के पास पंप में पेट्रोल भरवा कर जालौन रोड पर पहुंचा ही था कि उरई की तरफ से अपनी बहन शर्मिला को लेकर जा रहे ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी 26 वर्षीय जितेंद्र की बाइक से टकर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग घायल हो गए।
सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने रामकुमार उर्फ वीरू को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर घायल जितेंद्र को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
वहां इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह उसकी भी मौत हो गई। जबकि घायल रश्मि व शर्मिला का इलाज किया गया। रामकुमार घर में इकलौता था और कार चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। उसके दो पुत्र भविष्य व शिवांश हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार उरई की ओर से आ रही बाइक की रफ्तार 80 किमी से भी अधिक थी, दोनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।