उरई पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने सपा-कांग्रेस पर बोला हमला, कहा, वोट चोरी नहीं हो रहे, जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उरई में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना ...और पढ़ें

राजकीय मेडिकल कालेज सभागार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य। जागरण
HighLights
राजकीय मेडिकल कालेज सभागार में डिप्टी सीएम ने किया प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित
सपा, कांग्रेस पर किए प्रहार, मुंगेरी लाल के सपने देखना छोड़ दें, 2027 में साइकिल होगी पंचर
जागरण संवाददाता, उरई। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। हकीकत यह है कि वोट चोरी नहीं हो रहे हैं बल्कि जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है। 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की साइकिल फिर पंचर होगी। 2029 के लोकसभा चुनाव में जो लोग नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनते नहीं देखना चाहते हैं वे मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना छोड़ दें। यह बात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को राजकीय मेडिकल कालेज सभागार में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जो लोग सीधे तौर पर भाजपा से मुकाबला नहीं कर सकते हैं वह दिल्ली में कुछ लोगों के साथ मिलकर नौटंकी कर रहे हैं। यह लोग देश का माहौल खराब करने पर तुले हुए हैं। इनकी सोच देश के विकास की नहीं है। यह नहीं चाहते कि देश विकसित होकर महाशक्ति बने। इनको सिर्फ अपना स्वार्थ ही नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश की कुर्सी पर अपना अधिकार समझते हैं। अगर अखिलेश मुलायम सिंह के परिवार में और राहुल गांधी परिवार में पैदा नहीं होते तो कोई पूछने वाला नहीं होता। जब प्रदेश में सपा की सरकार थी और अखिलेश मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने गरीबों, पिछड़ों, किसानों, अनुसूचित जाति के लोगों का कितना हित किया था। यह वह बता नहीं सकते क्योंकि उनकी मंशा प्रदेश और जनविकास की थी ही नहीं।
उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि सभी लोग मिलकर स्नातक निर्वाचन में भाजपा प्रत्याशियों को जीत दिलाएं। उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस ईवीएम और चुनाव आयोग पर निशाना साधते रहते हैं। यह चुनाव तो बैलेट से हो रहा है। परिणाम आने के बाद वह जवाब देने लायक नहीं रहेंगे।
इस मौके पर एमएलसी मानवेंद्र सिंह, कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू, जिला प्रभारी भुवन गुप्ता, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, विधायक मूलचंद निरंजन, जिला पंचायत प्रशासक डा. घनश्याम अनुरागी, पूर्व केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा, जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित सभी पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष आदि मौजूद रहे।
