जालौन में कहासुनी के बाद मायके गई पत्नी, आहत पति ने कमरे में फंदा लगाकर की आत्महत्या
जालौन के ग्राम चमेड़ में पत्नी से कहासुनी के बाद उसके मायके चले जाने से आहत 42 वर्षीय अनिल कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां द्वारा कमरे में फंदे से लटका पाए जाने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
पत्नी के मायके जाने से पति ने की आत्महत्या।
जालौन के ग्राम चमेड़ में हुई यह घटना।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
संवाद सहयोगी, जागरण। ग्राम चमेड़ में दो दिन पहले कहासुनी के बाद पत्नी मायके चली गई तो गुस्सा कर पति ने गुरुवार की रात घर पर कमरे में फंदा लगा कर जान दे दी। सुबह देर तक कमरे के बाहर न आने पर मां ने आवाज दी। कमरे में झांक कर देखने पर पुत्र फंदे से लटका दिखा तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस ने पहुंच कर शव फंदे से नीचे उतारा और फोरेंसिक टीम ने जांच की।
ग्राम चमेड़ निवासी 42 वर्षीय अनिल कुमार मजदूरी करके पत्नी रजनी, तीन पुत्रियां व एक पुत्र का भरण पोषण करता था। पिता की मौत के बाद मां विद्या देवी उसके साथ रह रही थी। दो दिन पहले अनिल का पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर मायके ग्राम अंडा चली गई।
इससे वह परेशान हो गया। गुरुवार को उसने फोन पर पत्नी को घर आने की बात कह रहा था लेकिन वह नहीं आई। परेशान होकर उसने घर के कमरे में गमछे से फंदा लगाकर जान दे दी। मां ने जब बेटे को फंदे पर लटका देखा तो पत्नी, पुलिस व स्वजन को जानकारी दी।
युवक के फूफा मानसिंह ने बताया कि वह घर में अकेला था और पूरे परिवार का खर्च चलाता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निगवेंद्र प्रताप सिंह ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- उरई मेडिकल कॉलेज में हंगामा, प्राचार्य व ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प, डॉक्टरों से हुई मारपीट