कुठौंद दंगल में भारत केसरी रामेश्वर पहलवान ने हरियाणा के विवेक को हराया, 11000 रुपये का नकद पुरस्कार मिला
जालौन के कुठौंद में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें देश भर के पहलवानों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

दंगल में कुश्ती के दौरान दांव पेंच लगाते पहलवान। जागरण
HighLights
कुठौंद में विशाल कुश्ती दंगल का सफल आयोजन हुआ।
रामेश्वर पहलवान ने विवेक को हराकर जीत दर्ज की।
विजेता पहलवानों को 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।
जागरण संवाददाता, जालौन। कुठौंद में आयोजित विशाल कुश्ती दंगल में देश के विभिन्न स्थानों से आए नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच देखकर लोगों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
दंगल में फिरोजाबाद के सनी, आगरा के अमित, मुरैना के संदीप, हरियाणा के विवेक और दिल्ली के अनुज समेत विभिन्न स्थानों से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। करीब 50 से अधिक पहलवानों की भागीदारी वाले इस आयोजन में कई मुकाबले दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहे।
दंगल में महंत थानेश्वरी की मौजूदगी में हाजीपुर के अजय पहलवान और फिरोजाबाद के सनी पहलवान के बीच मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे पर बढ़त बनाने के लिए अलग-अलग दांव आजमाए। अजय पहलवान ने मौके का फायदा उठाते हुए सधा हुआ दांव लगाया और प्रतिद्वंद्वी को पटखनी देकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनकी जीत पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।
दंगल का एक अन्य प्रमुख मुकाबला भारत केसरी रामेश्वर पहलवान और हरियाणा के विवेक पहलवान के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने पूरे दमखम के साथ एक-दूसरे को चुनौती दी। मुकाबले के दौरान दोनों की ओर से बढ़त बनाने की कोशिश होती रही। कड़ी टक्कर के बाद रामेश्वर पहलवान ने अंकों के आधार पर जीत दर्ज की। इस मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों में खास उत्साह रहा।
दांव-पेच देखने के लिए उमड़े लोग
दंगल में पहलवानों ने पारंपरिक कुश्ती के विभिन्न दांव-पेच का प्रदर्शन किया। प्रतिद्वंद्वी की पकड़ से निकलने, सही मौके पर दांव लगाने और संतुलन बिगाड़कर पटखनी देने की कला ने दर्शकों का ध्यान खींचा। पहलवानों की जोर-आजमाइश के दौरान अखाड़े में उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के अभय द्विवेदी ने मुकाबलों में हिस्सा लेने वाले पहलवानों को सम्मानित किया। सभी जीते पहलवानों को 11-11 हजार रुपये और हारे हुए पहलवान को पांच-पांच रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
