विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालौन के पूर्व नगर महामंत्री ने छोड़ी भाजपा, पोस्ट में लिखा- पार्टी में ईमानदार कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं

Published: Thu, 29 Oct 2026 01:15 PM (IST)

जालौन के पूर्व नगर महामंत्री कुंवर सिंह यादव ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी में ईमानदार कार्यकर्ताओं के सम्मान की कमी और चाटुकारिता बढ़ने का आरोप लगाया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कुंवर सिंह यादव ने भाजपा से इस्तीफा दिया।

  2. ईमानदार कार्यकर्ताओं के सम्मान की कमी बताई।

  3. पार्टी में चाटुकारिता बढ़ने का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, जालौन। भाजपा में ईमानदार कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं है... नगर के पूर्व महामंत्री कुंवर सिंह यादव ने फेसबुक पर पार्टी जिलाध्यक्ष को संबोधित भावुक पोस्ट लिखते हुए पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी। उन्होंने लिखा कि उन्हें जैसे ही पता चला कि पार्टी के वरिष्ठ नेता शंभू दयाल ने इस्तीफा दे दिया है तो बहुत दुख हुआ। उन्होंने अपनी पोस्ट के माध्यम से भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित को संबोधित करते हुए लिखा है कि उनकी पोस्ट को ही इस्तीफा माना जाए।

कुंवर सिंह ने बताया कि उन्होंने पार्टी छोड़ने संबंधी पोस्ट लिखी है, वर्तमान में उनके पास कोई पद नहीं था। वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश कार्य समिति के सदस्य शंभू दयाल ने 25 अक्टूबर को अपना पार्टी से इस्तीफा दिया था।

पार्टी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

पूर्व आईआरएस अधिकारी और भाजपा के वरिष्ठ नेता शंभू दयाल को ईमानदार और सरल स्वभाव का कार्यकर्ता बताते हुए जालौन नगर के पूर्व महामंत्री कुंवर सिंह यादव ने अपनी पोस्ट में पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने लिखा कि यदि शंभू दयाल जैसे ईमानदार और सरल व्यक्ति का भाजपा से मोहभंग हुआ है, तो यह पार्टी के मूल मुद्दों से भटकने का संकेत है। उनके अनुसार पार्टी में सही सलाह देने वालों की उपेक्षा हो रही है, जबकि चाटुकारिता हावी होती जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पद और प्रतिष्ठा उन्हीं लोगों को मिल रही है, जो अपने से बड़े नेताओं पर पैसा खर्च करते हैं, जबकि पार्टी के लिए जमीन पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ता हाशिए पर हैं।

कार्यकर्ताओं को नहीं मिल रहा महत्व

कुंवर सिंह यादव ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि पार्टी के लिए दरी बिछाने वाले मूल कार्यकर्ता को उचित महत्व नहीं मिल रहा है। आरोप लगाया कि पार्टी में आने वाले प्रवक्ता कार्यकर्ताओं को नियमों का हवाला देकर चले जाते हैं, जबकि समर्थित कार्यकर्ताओं के हाथ केवल कागजों का बंडल रह जाता है। उन्होंने इसे पार्टी की मौजूदा कार्यप्रणाली का हिस्सा बताते हुए शंभू दयाल के फैसले का समर्थन किया है।

अपनी पोस्ट में कुंवर सिंह यादव ने भाजपा जिलाध्यक्ष को संबोधित करते उनकी इंटरनेट मीडिया पोस्ट को ही इस्तीफा माने जाने की अपील की है। उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं की नाराजगी और संगठनात्मक स्थिति को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुंवर सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने जैसा महसूस किया है, उसी को अपनी पोस्ट के माध्यम से साझा किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने बताया कि पोस्ट की उन्हें जानकारी हुई तो फोन करके बात की है, अभी इस्तीफा जैसी बात नहीं है, उन्हें आगे दायित्व भी दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- वाराणसी स्‍नातक के भाजपा उम्‍मीदवार ने स्‍वीकारी हार, समर्थकों के प्रति जताया आभार, कहा- 'जनसेवा का संकल्प रहेगा जारी'

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव: भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने रचा इतिहास, लगातार चौथी बार दर्ज की शानदार जीत