गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव: भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने रचा इतिहास, लगातार चौथी बार दर्ज की शानदार जीत
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने चौथी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने ...और पढ़ें

HighLights
भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने लगातार चौथी बार जीत हासिल की।
निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दल राजीव यादव को 307 मतों से हराया।
हारने वाले प्रत्याशियों ने मतगणना प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 2026 के चुनाव में भी बाजी मारते हुए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने चौथी बार जीत हासिल की है। इस सीट पर लगातार चार बार जीतने वाले वह पहले प्रत्याशी बन गए हैं।
उन्होंने अपने निकतटम प्रतिद्वंद्वी निर्दल राजीव यादव को 307 मतों से पराजित किया। ध्रुव को 14887 जबकि राजीव यादव को 14580 वोट मिला। चुनाव का फैसला दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद हुआ। 16 में से 14 प्रत्याशी परिणाम की दौड़ से बाहर (एलिमिनेट) होते गए।
भाजपा से बागी होकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए डा. संजयन त्रिपाठी ने 9503 मत हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। कमिश्नर/ रिटर्निंग आफिसर इन्द्र विक्रम सिंह ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
मतगणना प्रक्रिया मंगलवार की सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में सबसे पहले इस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 17 जिलों से यहां लायी गई मटपेटिका का मिलान किया गया।
50-50 की गड्डी बनाई गई। उसके बाद प्रथम वरीयता के मतों की गिनती शुरू हुई। अगले दिन बुधवार की सुबह करीब 5.40 बजे पहले वरीयता के मतों की सभी चार राउंड की गिनती पूरी हुई। इसमें कुल वैध मतों की संख्या 40811 और अवैध मतों की संख्या 2800 रही। प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने राजीव यादव से 466 वोटों की बढ़त बना ली थी। ध्रुव को 11881 और राजीव यादव को 11415 वोट मिले जबकि डा. संजयन को 8301 मत प्राप्त हुए।
इलेक्टोरल कोटा (कुल वैध मतों के 50 प्रतिशत से एक वोट अधिक) के लिए जरूरी मत न पाने के कारण दूसरी वरीयता की गणना शुरू की गई। नीचे से सबसे कम मत पाने वाले 14 प्रत्याशी परिणाम के दौर से बाहर (एलिमिनेट) हो गए। ध्रुव कुमार त्रिपाठी एवं राजीव यादव के बीच अंत तक कांटे की टक्कर जारी रही।
दूसरी वरियता के मतों की गिनती में भी कुल वैध मतों के 50 प्रतिशत से एक वोट अधिक किसी को नहीं मिले। करीब 33 घंटे की लंबी गणना के बाद भी आखिरी में बचे दो प्रत्याशियों ध्रुव और राजीव में ध्रुव के सबसे अधिक वोट होने की वजह से उन्हें 307 मतों से विजयी घोषित कर दिया गया।
चौथे राउंड में ध्रुव को मिली बढ़त ने ''बूस्टर डोज'' का किया काम
प्रथम वरीयता के पहले राउंड की गिनती में ध्रुव त्रिपाठी, राजीव यादव से 110 वोट से आगे रहे। उन्हें 3813 और राजीव को 3703 वोट मिले।लेकिन इसके बाद राजीव ने लगातार प्रथम वरीयता के दूसरे और तीसरे राउंड में बढ़त बनाई।
दूसरे राउंड में राजीव 143 वोट और फिर तीसरे राउंड में 443 वोट से ध्रुव से आगे रहे। लेकिन, बुधवार की भोर में चौथे राउंड के लिए हुए 1612 मतों की गिनती में ध्रुव को मिले 970 वोट ने बूस्टर डोज का काम किया। इस चरण में राजीव यादव को महज 128 वोट मिले और ध्रुव ने उनसे 842 वोट की बढ़त बना ली।
हालांकि राजीव और सपा के डा. संजयन त्रिपाठी और उनके समर्थकों ने इस राउंड की गिनती की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हुए प्रशासन पर गड़बड़ी कर ध्रुव के पक्ष में वोट बढ़ाने का आरोप लगाया। हंगामा शुरू हो गया जिससे करीब आधे घंटे तक मतगणना प्रभावित रही।
रिटर्निंग अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने आरोप को बेबुनियाद बनाते हुए हंगामा शांत कराया । इसके बाद दूसरी वरियता के मतों की गिनती में ध्रुव को लगातार बढ़त मिलती रही। अजय सिंह के मतों की गिनती में बढ़त का यह आंकड़ा और बढ़ गया। सपा के डा. संजयन त्रिपाठी के तौर पर अंतिम प्रत्याशी के मतों की गणना में बढ़त का आंकड़ा प्रभावित हुआ लेकिन ध्रुव त्रिपाठी ने 307 मतों से राजीव यादव को पीछे छोड़ जीत हासिल कर ली।
शिक्षक एमएलसी के चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को वोट डाले गए थे। पूरे क्षेत्र में 79.36 यानी करीब 43553 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था।
रात भर जागते रहे समर्थक, बदलता रहे चेहरे का रंग
निर्णायक लड़ाई में बने रहे ध्रुव त्रिपाठी एवं राजीव यादव के समर्थक रात भर जागते रहे। जैसे-जैसे मतों की गिनती समाप्ति की ओर जा रही थी, ध्रुव के समर्थकों के चेहरों पर कभी उत्साह तो बढ़त कम होने की चिंता साफ झलक रही थी। गोरखपुर विश्वविद्यालय के कर्मचारी संघ भवन में उन्होंने अस्थायी ठिकाना बना रखा था। वहीं राजीव यादव के समर्थकों के चेहरे पर भी चौथे राउंड से ही निराशा देखी गई। लेकिन अंतिम दौर की गिनती पूरी होने तक राजीव यादव मतगणना स्थल पर डंटे रहे।
वहीं प्रथम वरीयता के चौथे व आखिरी राउंड की गिनती के नतीजे आने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डा. संजयन व उनके समर्थकों ने धांधली का आरोप लगाते हुए मतगणना स्थल छोड़ दिया। बुधवार की सुबह सात बजे ही विश्वविद्यालय के बाहर लगे उनके कैंप के टेंट और बैनर आदि हटा दिए गए।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव: 2 दिन चली कांटे की टक्कर के बाद भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी जीते, आधिकारिक घोषणा बाकी
यह शिक्षकों की जीत है : ध्रुव कुमार त्रिपाठी
जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह शिक्षकों की जीत है और शिक्षक विरोधी ताकतें परास्त हुई हैं। पूरे प्रदेश में रणनीति बनाकर शिक्षकों के हित में काम किया जाएगा। शिक्षकों की सभी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता होगी। पेंशन योजना के तहत नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों को साधते हुए उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन दिलाने को लेकर सरकार से सकारात्मक संवाद किया जाएगा। मतगणना में धांधली के आरोप पर उन्होंने कहा कि इस विषय में आरोप लगाने वालों को मतगणना कराने वाले प्रशासनिक तंत्र से सवाल करना चाहिए। उनपर या सरकार पर आरोप लगाना गलत है।
यह भी पढ़ें- एशिया का जटायु केंद्र और वानिकी विश्वविद्यालय बदलेंगे कैंपियरगंज की तकदीर, चमकेगा गोरखपुर
प्रशासन ने धांधली की, आयोग में करूंगा शिकायत: राजीव
दूसरे पायदान पर रहे निर्दल राजीव यादव ने नतीजा आने के बाद आरोप लगाया कि प्रशासन ने धांधली कर उन्हें चुनाव हरा दिया, जबकि वह चुनाव जीते हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में निर्वाचन आयोग में शिकायत करने के साथ ही दोबारा मतगणना कराने और मतपत्रों की जांच कराने के लिए हाई कोर्ट में याचिका भी दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि 14-14 हजार की मतों की गणना में जहां उनके या ध्रुव के बढ़त का आंकड़ा 300 के आस-पास रहा वहां महज 1600 वोटों की गिनती में ध्रुव को 970 वोट मिल जाना और 842 वोटों की उन्हें बढ़त मिलना, धांधली की स्थिति को साफ बयां करता है।
इस चुनाव में लड़ाई काफी कठिन रही। निर्धारित इलेक्टोरल कोटा कोई भी प्रत्याशी हासिल नहीं कर सका। दूसरी वरीयता के मतों की गिनती में भी मतों के बिखराव के कारण कोई प्रत्याशी इस आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। इसलिए निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार प्रत्याशियों के एलिमिनेट होने के बाद सबसे अधिक मत पाने वाले भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी को विजेता घोषित किया गया।मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। गणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों और मतगणना कर्मचारियों को उनकी लगन के लिए शुभकामनाएं व बधाई।
